पंजाब

अमृतसर में नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़; 12 किलो हेरोइन सहित 3 काबू

चंडीगढ़/अमृतसर, 3 मई:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सीमा पार से नशा तस्करी करने वाले मॉड्यूल के तीन सदस्यों को 12 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर इस नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज यहां साझा की।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरजंट सिंह निवासी गांव सकतरा (तरनतारन), अरविंदर सिंह और जशनप्रीत सिंह निवासी गांव बुग्गा जिला तरनतारन के रूप में हुई है। नशीले पदार्थों की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने खेप की ढुलाई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा काले रंग का हीरो मोटरसाइकिल (पी बी 46 ए एल 2286) भी जब्त किया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गुरजंट सिंह पाकिस्तान आधारित तस्कर के संपर्क में था। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी तस्कर ने गुरजंट को उसके गांव के आसपास ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई हेरोइन की खेप उठाने की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसे उसे आगे अपने साथियों अरविंदर सिंह और जशनप्रीत सिंह तक पहुंचाना था।

ऑपरेशन के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अमृतसर पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरजंट को ड्रोन के जरिए बड़ी खेप प्राप्त हुई है और वह इसे अपने साथियों तक पहुंचाने जा रहा है। इस पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अमृतसर-छब्बाल रोड पर टोल प्लाजा के पास विशेष नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को रोका और तलाशी लेने पर उनके पास से 12 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।

डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आगे-पीछे के लिंक जोड़ने हेतु जांच जारी है।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 28 दिनांक 02-05-2026 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button