खरीफ फसलों के लिए MSP घोषित, धान के दाम में 72 रुपए का हुआ इजाफा

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने विपणन वर्ष 2026 -27 की खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की घोषणा करते हुए सामान्य धान का भाव बढ़ाकर 2,441 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जबकि धान (ग्रेड-ए) के लिए यह दर 2,461 रुपये निर्धारित की गई है। केंद्रीय मंत्री अश्चिनी वैष्णव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने खरीफ की दूसरी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य के बारे में कहा कि सरकार ने इस बार तिलहन और दलहन फसलों पर विशेष ध्यान दिया है।
सरकार ने सूरजमुखी के बीज में सबसे अधिक 622 रुपए प्रति क्विंटल की भारी वृद्धि की है, जिससे इसकी नई कीमत 8,343 रुपए हो गई है। इसी तरह, कपास (मीडियम स्टेपल) की एमएसपी में 557 रुपए की बढ़ोतरी के साथ इसे 8,267 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। तुअर (अरहर) की एमएसपी में भी 450 रुपए की महत्वपूर्ण वृद्धि की गई है, जिससे अब यह 8,450 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गई है। मूंग की नई एमएसपी 8,780 रुपए प्रति क्विंटल कर दी गई है।
मोटे अनाजों यानी ‘श्री अन्न’ को बढ़ावा देने की नीति के तहत बाजरा की कीमत 2,900 रुपए और रागी की कीमत 5,205 रुपए प्रति क्विंटल तय की गई है। सोयाबीन के दाम में 380 रुपए की बढ़ोतरी कर इसे 5,708 रुपए किया गया है। यह पूरी मूल्य वृद्धि सरकार की उस नीति के अनुरूप है जिसमें किसानों को उनकी उत्पादन लागत पर कम से कम 50 प्रतिशत का सुनिश्चित लाभ देने का वादा किया गया है।






