
नई दिल्ली
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दो सप्ताह के सीजफायर प्लान की घोषणा के बावजूद बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। सुरक्षित निवेश (सेफ-हेवन) की मांग बढऩे से कीमती धातुओं में तेजी बनी रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने बुधवार को के जून 5 फ्यूचर्स 3,688 रुपए या 2.45 प्रतिशत बढक़र 1,53,977 रुपए के इंट्राडे हाई पर पहुंच गए। सोना 1,53,920 रुपए पर कारोबार करता दिखा, जो 3,631 रुपए या 2.42 प्रतिशत की बढ़त है। इसका इंट्राडे लो 1,53,301 रुपए रहा, जो पिछले बंद के मुकाबले 2 प्रतिशत ऊपर है। वहीं, चांदी के मई 5 फ्यूचर्स में करीब 6 प्रतिशत या 13,422 रुपए की तेजी आई और यह 2,44,770 रुपए के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया।
आखिरी अपडेट तक चांदी 2,44,297 रुपए पर कारोबार कर रही थी, जो 12,949 रुपए या 5.6 प्रतिशत की बढ़त है। इसका लो 2,40,601 रुपए रहा, जो पिछले बंद के मुकाबले 4 प्रतिशत ऊपर है। तेल की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स लगभग 16 प्रतिशत या 17.39 डॉलर गिरकर 91.88 डॉलर के इंट्राडे लो पर आ गया। शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी भी मजबूत दिखे और लगभग चार प्रतिशत तक उछल गए। आरबीआई के फैसले और सीजफायर की घोषणा से बाजार में सकारात्मक माहौल बना। ट्रेडर्स और निवेशकों के बीच यह सकारात्मक भावना डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ अस्थायी युद्धविराम की घोषणा के बाद आई है।






