राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : चढ़ावा चोरी के आठों आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

अयोध्या
तीन दिन की न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के सभी आठ आरोपियों को सेामवार को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों की रिमांड नहीं मांगी। फिर कोर्ट ने सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अगली सुनवाई 13 जुलाई को होगी। तब तक आरोपी जेल में ही रहेंगे। हालांकि, इससे पहले ही अयोध्या के वकीलों ने बड़ी बैठक की। इसमें फैसला लिया कि चढ़ावा चोरी के आरोपियों का केस कोई भी वकील नहीं लड़ेगा। साथ ही, चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा के अयोध्या छोडऩे की मांग की। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी भी दी गई। इसी बीच, पुलिस ने चढ़ावा चोरी मामले में सोमवार को पूर्व पदाधिकारियों चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से पूछताछ की। उनके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद चंपत राय दिल्ली चले गए। उधर, राम मंदि में चढ़ावा चोरी का मामला सोमवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। वकील अनूप अवस्थी की सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर तुरंत सुनवाई से इनकार करते हुए कोर्ट ने पूछा कि इतनी जल्दी क्या है? छुट्टियों के बाद ही मामला सुना जाएगा। इसका मतलब है कि अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट में 12 जुलाई के बाद ही सुना जाएगा।
इधर, पुलिस सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे जेल में बंद आठ आरोपियों के खाते खंगालने के लिए एसबीआई की अयोध्या धाम ब्रांच पहुंची। सात आरोपियों के खाते इसी ब्रांच में हैं। पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट लिए। अब यह जांच की जाएगी कि मंदिर में नौकरी के बाद से उनके खातों में कितना पैसा आया। पुलिस ने बैंक के दो कर्मचारियों को भी नोटिस दिया है। उधर, राम मंदिर ट्रस्ट की 11 जुलाई को होने वाली बैठक अब छह जुलाई को अयोध्या में होगी। सूत्रों के अनुसार, यह बैठक मणि रामदास जी की छावनी की जगह कारसेवक पुरम में हो सकती है। दिन और जगह क्यों बदला गया, इस बारे में पता नहीं चल पाया है। वहीं, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में फैजाबाद एडवोकेट्स एसोसिएशन की बैठक अयोध्या बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने कहा कि मामले में कोई भी वकील आरोपी का पक्ष नहीं रखेगा। अगर कोई ऐसा करता है, तो उस पर पांच लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए 173 सीआरपीसी के तहत कोर्ट जाएंगे। बार एसोसिएशन सीबीआई जांच की भी मांग करेगा।






