Japan–South Korea Tour: पंजाब को क्या मिला? CM भगवंत मान ने बताया—250 कंपनियां निवेश को तैयार, मोहाली बनेगा ग्लोबल IT हब

Japan–South Korea Tour: जापान और दक्षिण कोरिया के दस दिन के दौरे से लौटकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में भारी निवेश की संभावनाओं का बड़ा खाका पेश किया। अपने सरकारी आवास पर प्रेस वार्ता के दौरान CM भगवंत मान ने बताया कि इस दौरे के दौरान 250 से अधिक शीर्ष कंपनियों के साथ विस्तृत बातचीत हुई, जिनमें से बड़ी संख्या ने पंजाब—खासतौर पर मोहाली—में निवेश करने में गहरी रुचि दिखाई है।
CM भगवंत मान ने मोहाली को ग्लोबल IT हब बनाने की जो योजना तैयार की है, उसे जापान और दक्षिण कोरिया की कई कंपनियों ने समर्थन देते हुए इसमें सहयोग का प्रस्ताव रखा है। CM मान के अनुसार, यह दौरा केवल निवेश बातचीत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पंजाब के युवाओं के लिए नई तकनीकी और औद्योगिक नौकरियों का रास्ता भी खोलता है।
प्रेस वार्ता में CM भगवंत मान ने क्या कहा?
CM भगवंत मान ने बताया कि विदेशी कंपनियों ने R&D से लेकर AI, क्लीन एनर्जी, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, मैन्युफैक्चरिंग और हॉर्टिकल्चर तक के व्यापक क्षेत्रों में साझेदारी की इच्छा जताई है।
उन्होंने कहा पंजाब के युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ने और राज्य को उद्योगों के लिए सबसे भरोसेमंद गंतव्य बनाने की दिशा में यह दौरा मील का पत्थर साबित होगा।
CM भगवंत मान ने बताया कि ये कंपनियां Progressive Punjab Summit 2026 में सक्रिय भागीदारी भी करेंगी। मोहाली में 13–15 मार्च को इन्वेस्टमेंट समिट आयोजित होगी जहां R&D सेंटर्स की स्थापना पर आगे की बातचीत होगी।
जापान और साउथ कोरिया की किन कंपनियों से क्या बातचीत हुई?
क्लीन एनर्जी, IT, EV और R&D में बड़े प्रस्ताव:
-
JBIC – पंजाब में बड़े स्तर पर क्लीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स में निवेश को तैयार
-
Yamaha – Hero MotoCorp के साथ मिलकर इलेक्ट्रिक बाइक निर्माण पर सहमति
-
Honda – राज्य में कारों के पार्ट्स निर्माण का प्रस्ताव
-
Toray Industries – मोहाली में निवेश की गहरी रुचि
-
Sumitomo Corporation – ट्रक व मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में साझेदारी पर चर्चा
-
METI (Japan Gov.) – पंजाब में औद्योगिक सहयोग और निवेश का आश्वासन
-
Fujitsu Limited – मोहाली में AI और IT-based प्रोजेक्ट्स शुरू करेगी
-
Toppan Holdings – ₹400 करोड़ के निवेश समझौते पर हस्ताक्षर
-
JICA – पंजाब के हॉर्टिकल्चर प्रोजेक्ट को मंजूरी
CM भगवंत मान ने कहा कि इन सहयोगों से पंजाब में रोजगार, तकनीकी ट्रांसफर और इंटरनेशनल-स्टैंडर्ड मैन्युफैक्चरिंग का विस्तार होगा।
दौरे का मुख्य उद्देश्य क्या था?
सरकार ने स्पष्ट किया कि यह विदेशी यात्रा:
-
पंजाब में बड़े पैमाने का विदेशी निवेश लाने
-
युवा प्रतिभा को उच्च-स्तरीय कौशल एवं प्रशिक्षण से जोड़ने
-
राज्य को उद्योग-अनुकूल डेस्टिनेशन बनाने
-
और मोहाली को एशिया का अगला IT हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम थी।
दौरे में CM भगवंत मान के साथ उद्योगपति संजीव गुप्ता, चीफ सेक्रेटरी KAP सिन्हा, उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और निवेश प्रमोशन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
सरकार का कहना है कि टाटा स्टील सहित कई समूह पहले ही पंजाब में निवेश शुरू कर चुके हैं और आने वाले महीनों में और भी बड़े उद्योग घराने शामिल होंगे।






