यूथ लाइफ

अनुपूरक परीक्षाएं इस दिन से, दसवीं-जमा दो कक्षा के छात्रों को मौका, शिक्षा बोर्ड ने जारी किया शेड्यूल

 

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए मैट्रिक (10वीं) और जमा दो (12वीं) की अनुपूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षाओं का बिगुल फूंक दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने घोषणा की है कि आगामी तीन जुलाई से इन परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। यह उन हजारों छात्रों के लिए एक बड़ी राहत और सुनहरा अवसर है, जो अपनी पिछली परीक्षाओं में पास नहीं हो सके थे, अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं, या किसी अपरिहार्य कारण से परीक्षा देने से चूक गए थे।

बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, सभी अनुपूरक परीक्षाएं प्राताकालीन सत्र में आयोजित की जाएंगी, जिसका समय सुबह 08:45 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। मैट्रिक (नियमित) श्रेणी की परीक्षाएं तीन जुलाई से दस जुलाई 2026 तक चलेंगी, जबकि जमा दो (नियमित) श्रेणी के छात्रों के लिए ये परीक्षाएं तीन जुलाई से शुरू होकर 16 जुलाई 2026 तक संपन्न होंगी। डा. शर्मा ने स्पष्ट किया कि इन परीक्षाओं में कम्पार्टमेंट, एसेंशियल और ऑप्शनल इंप्रूवमेंट एडिशनल सब्जेक्ट, डिप्लोमा होल्डर री-अपीयर और अन्य अनुमत श्रेणियों के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।

विशेष निर्देश

बोर्ड ने उन अभ्यर्थियों को भी विशेष रूप से सतर्क किया है जिन्होंने पहले किसी मजबूरी के चलते परीक्षा छोड़ दी थी या बोर्ड को स्पेशल चांस के लिए आवेदन किया था। बोर्ड अध्यक्ष ने ऐसे सभी परीक्षार्थियों से आग्रह किया है कि वे समय रहते अपने आवेदन की स्थिति (स्टेटस) की पुष्टि कर लें और निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा केंद्र में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें, जिससे अंतिम समय में उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

हेल्पलाइन नंबर जारी

परीक्षा के दौरान या उससे पहले छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बोर्ड ने जिला और श्रेणीवार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। परीक्षार्थी और उनके अभिभावक इन नंबरों पर संपर्क करके परीक्षा से संबंधित अपनी शंकाओं का समाधान और जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। डा. राजेश शर्मा ने आश्वासन दिया है कि बोर्ड द्वारा परीक्षाओं के पारदर्शी, सफल और सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां और पुख्ता व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button