खिलाडिय़ों के लिए जल्द नीति लागू करेगी सरकार, CM बोले, सरकार ने बढ़ाई है खिलाडिय़ों की पुरस्कार राशि

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाडिय़ों को सरकार प्रोत्साहित करेगी। इसके लिए जल्द ही राज्य सरकार की ओर से नई नीति लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाडिय़ों की पुरस्कार राशि बढ़ा दी है। सीएम सुक्खू सोमवार को पहली चिट्टा जागरूकता वॉलीबाल प्रतियोगिता के शुभारंभ के मौके पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए प्रयासरत है और इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाडिय़ों की पुरस्कार राशि बढ़ा दी है तथा शीघ्र ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए नई नीति भी लागू की जाएगी।
सीएम ने कहा कि वह खिलाडिय़ों की समस्याओं और चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों के लिए डाइट मनी बढ़ाई गई है। राज्य के भीतर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों को प्रतिदिन 400 रुपए तथा राज्य से बाहर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वालों को प्रतिदिन 500 रुपए डाइट मनी दी जा रही है। इसके अलावा 200 किलोमीटर से अधिक की यात्रा के लिए हवाई यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
कोई कानून हाथ में न लें
संजौली मामले पर मुख्यमंत्री सुखविंदर ने कहा कि कानून को हाथ लेने में किसी को इजाजत नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई भी कानून हाथ में लेगा, तो यह गलत बात है। सीएम ने कहा कि कोई समस्या है, तो बैठ कर समाधान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह का राजनीतिक चक्का जाम अच्छा नहीं होता। बकौल सीएम सुक्खू ऐसी समस्याएं हों, तो मंत्री के साथ मिलकर इनका समाधान निकल सकता है। अगर मंत्री के माध्यम से समाधान नहीं निकलता है, तो सीएम के पास आ सकते हैं। चक्का जाम करना और रास्ता रोकना समाज के सभी वर्गों को परेशान करता है। उन्होंने कहा कि यह गलत बात है। उन्होंने कहा कि सरकार इस प्रकार की कभी इजाजत नहीं देती।





