चंडीगढ़ में गोल्डी ढिल्लों गैंग का दूसरा मॉड्यूल बेनकाब, 3 गुर्गे हथियारों समेत अरेस्ट

चंडीगढ़ पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों गैंग के एक और मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस की ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गैंग से जुड़े तीन गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अत्याधुनिक हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ट्राइसिटी में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया। चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई आईजी यूटी चंडीगढ़ पुष्पेंद्र कुमार और एसपी क्राइम मनजीत श्योराण के दिशा निर्देशों पर की गई। ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की टीम ने डीएसपी ऑपरेशन और डीएसपी क्राइम की निगरानी में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस को 20 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़े तीन सदस्य हथियारों के साथ बाइक पर घूम रहे हैं और गैंगस्टर के निर्देश पर ट्राइसिटी क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना में बताया गया कि आरोपी मुल्लांपुर क्षेत्र की तरफ से चंडीगढ़ में प्रवेश करेंगे। इसके बाद ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की टीम ने योजना बनाकर इलाके में नाकाबंदी की। पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से विदेशी मेड सी47 9एमएम पिस्टल, एक 32 बोर पिस्टल और कुल 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए गोल्डी ढिल्लों के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे। वहीं, गिरफ्तार आरोपी हैप्पी चिब, राहुल कुमार और वंश शर्मा जम्मू क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार तीनों का पहले भी आपराधिक गतिविधियों से संबंध रहा है और इनके खिलाफ अलग अलग थानों में मामले दर्ज हैं।






