आतंकी हमले की साजिश नाकाम, बब्बर खालसा इंटरनेशनल का संचालक विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार

पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर देहात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने जालंधर से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन वाले प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल के एक संचालक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से विस्फोटक सामग्री से लैस एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस बरामद की गई है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतबीर सिंह निवासी गांव पडिय़ाना, आदमपुर जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक काले रंग की मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका वह इस्तेमाल कर रहा था। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि बरामद आईईडी में लगभग 1.3 किलोग्राम उच्च क्षमता का विस्फोटक, शरैप्नल और बॉल बेयरिंग भरे हुए थे। इससे स्पष्ट होता है कि आतंकी मॉड्यूल का उद्देश्य पंजाब में शांति एवं कानून व्यवस्था को भंग कर बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा आतंकी हमला टल गया और कई निर्दोष लोगों की जान बच गई।
उन्होंने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर को पुख्ता सूचना मिली थी कि बीकेआई मॉड्यूल का यह सदस्य अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर विस्फोटकों की खेप प्राप्त कर चुका है। सूचना के आधार पर सीआई जालंधर और जालंधर देहात पुलिस ने गांव ढंडौर के पास संयुक्त नाका लगाया। इस दौरान आरोपी की मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके बैग से आईईडी बरामद हुई। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में विदेशी हैंडलरों, स्थानीय नेटवर्क और पूरे आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने के लिए गहन जांच जारी है। पुलिस इस साजिश के सभी लिंक खंगाल रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके। इस संबंध में थाना पतारा, जालंधर देहात में भारतीय न्याय संहिता की धारा 113(1) और 113(3), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा चार और पांच तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25(1बी)(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।






