देश विदेश

दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से तीन सगे भाई-बहनों की मौत

झारखंड के लोहरदगा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। मिशन चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार दो बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भाई ने इलाज के लिए रिम्स ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि शहरी क्षेत्र के बरवाटोली निवासी मुकेश साहू के पड़ोस में शादी समारोह आयोजित था। समारोह शहर के कृषि बाजार स्थित एक धर्मशाला में चल रहा था। उसमें शामिल होने के लिए मुकेश साहू के बेटे रोहित साहू, विवाहित बेटी सपना कुमारी और सृष्टि कुमारी एक ही स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान मिशन चौक के पास गुमला से लोहरदगा की ओर आ रहे सामान लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद स्कूटी और उस पर सवार तीनों लोगों को काफी दूर तक घसीटता चला गया।

हादसे में 24 वर्षीय सपना कुमारी और 14 वर्षीय सृष्टि कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सपना और सृष्टि को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सपना कुमारी गर्भवती थी। वहीं 28 वर्षीय रोहित साहू गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button