आज की ख़बरपंजाब

पंजाब सरकार ने पांच सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में इनोवेशन लैब स्थापित कर तकनीकी शिक्षा को दी नई दिशा : हरजोत सिंह बैंस

चंडीगढ़/साहिबजादा अजीत सिंह नगर), 03 सितंबर, 2026:

तकनीकी शिक्षा को आधुनिक बनाने और विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब सरकार ने राज्य के पांच सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में इनोवेशन लैब स्थापित की हैं। यह पहल राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने के साथ-साथ एक कुशल और भविष्य के लिए तैयार युवा कार्यबल तैयार करना है।

पंजाब के तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने आज सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, खूनिमाजरा, खरड़ में सांसद मलविंदर सिंह कंग की उपस्थिति में इनोवेशन लैब का औपचारिक राज्यस्तरीय उद्घाटन किया।

यह पहल पंजाब सरकार द्वारा विभा इंडिया और मेकर भवन फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई है। इस साझेदारी के माध्यम से सरकारी सहयोग और तकनीकी विशेषज्ञता को एक साथ लाकर विद्यार्थियों को आधुनिक बुनियादी ढांचा, उन्नत उपकरण और अनुभव-आधारित सीखने के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

मंत्री ने बताया कि 1.5 करोड़ रुपये की लागत से सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, खूनिमाजरा; सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, बठिंडा; सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, फिरोजपुर; सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, बडबर तथा सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, तलवाड़ा में इनोवेशन लैब स्थापित की गई हैं।

पारंपरिक कक्षा-आधारित शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से स्थापित की गई ये इनोवेशन लैब गतिशील और व्यावहारिक ‘मेकर स्पेस’ के रूप में कार्य करेंगी। इन लैब में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों और उपकरणों तक सीधी पहुंच प्राप्त होगी, जिससे वे प्रयोग कर सकेंगे, प्रोटोटाइप तैयार कर सकेंगे और अपने विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदल सकेंगे। इसके साथ ही विद्यार्थी विभिन्न विषयों के बीच सहयोग के माध्यम से वास्तविक जीवन की चुनौतियों का समाधान तलाश सकेंगे।

स. हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पॉलिटेक्निक कॉलेजों के विद्यार्थी पंजाब के भविष्य के तकनीकी कार्यबल का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और पंजाब सरकार इन संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को प्रयोग, नवाचार और सृजन के लिए आवश्यक उपकरण, तकनीक और अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button