राहुल गांधी बोले- ट्रंप के इशारों पर काम करते हैं PM मोदी

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नियंत्रण में हैं और उनके कहने पर काम कर रहे हैं। राहुल गांधी आज खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाये। उन्होंने पंतनगर से मोबाइल के जरिए सिमकनी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। अपने मात्र सात मिनट के संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार खासकर प्रधानमंत्री मोदी पर हमले किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पर अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नियंत्रण है।
राहुल गांधी ने कहा पीएम मोदी अमरीका के राष्ट्रपति के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए तेल खरीद का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि आज हमारे देश को रूस और ईरान से तेल लेने के बजाए अमेरिका के राष्ट्रपति के आदेश का इंतजार करना पड़ रहा है क्योंकि ट्रंप के पास एपस्टीन और अडानी की फाइल है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश के आर्थिक ढांचे को तहस नहस कर दिया है। गलत वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लगाकर जहां देश में छोटे व्यवसाय को खत्म कर दिया है वहीं नोटबंदी से आम आदमी की आय और बचत को भी समाप्त करने का काम किया है। उन्होंने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहले कह दिया था कि देश में आर्थिक सुनामी आने वाली है लेकिन नरेंद्र मोदी ने गरिबों और किसानों को आर्थिक सुनामी से बचाने के लिए कुछ नहीं किया।”
उन्होंने धामी सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड पीएम मोदी के रिमोट कंट्रोल से संचालित हो रहा है। उत्तराखंड को बनाने में यहां के लोगों का सपना था कि यहां के युवाओं और उनका भविष्य बने लेकिन आज राज्य दिल्ली से चलाया जा रहा है। बाहर के लोग यहां की अपार संपदा का फायदा उठा रहे हैं। जनता के अधिकारों पर चंद पूंजीपतियों का कब्जा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह चाहते थे कि अल्मोड़ा आएं लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हैलिकॉप्टर नहीं उतर पाया। उन्होंने कहा कि पायलट से तीन बार निवेदन किया लेकिन पायलट ने खतरे का हवाला देते हुए इनकार कर दिया। उन्होंने लोगों से क्षमा मांगते हुए कहा कि वह जल्द ही अल्मोड़ा आएंगे और लोगों के साथ प्रत्यक्ष संवाद करेंगे। राहुल गांधी की न आने की खबर से लोगों को मायूसी झेलनी पड़ी।






