पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, छह दिन पहले हुई थी अगवा, नहर से मिला शव

फिरोजपुर
पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री को दहला देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। छह दिनों से लापता मशहूर पंजाबी गायिका यशइंदर कौर उर्फ इंदर कौर की निर्मम हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मृतका का शव पंजाब के लुधियाना में नीलो नहर से बरामद किया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे एकतरफा प्यार और सनक की रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी सामने आई है। मृतका के भाई जोतइंदर सिंह की शिकायत के मुताबिक, 13 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार से घरेलू सामान लेने के लिए बाजार गई थीं। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। अपने स्तर पर की गई पड़ताल में सामने आया कि मोगा के भलूर गांव का रहने वाला सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा, इंदर कौर पर शादी करने का दबाव बना रहा था। इंदर कौर द्वारा प्रस्ताव ठुकराए जाने से बौखलाए सुखविंदर ने इस खूनी साजिश को अंजाम दिया।
परिजनों का आरोप है कि सुखविंदर सिंह खास तौर पर इंदर कौर से बदला लेने की नीयत से ही कनाडा से पंजाब आया था। उसने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर रास्ते में गायिका की कार को घेरा और असलहे के बल पर उनका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने बेरहमी से उसकी हत्या कर शव को नीलो नहर में बहा दिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह कानूनी शिकंजे से बचते हुए वापस कनाडा रफूचक्कर हो गया।
एफआईआर के बाद भी भाग निकला कातिल
इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीडि़त परिवार का कहना है कि उन्होंने 15 मई को ही मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह और उसके मददगार करमजीत सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करा दिया था। इसके बावजूद पुलिसिया सुस्ती के कारण मुख्य आरोपी देश छोडक़र भागने में सफल रहा। अब मामला बिगडऩे के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।






