हरियाणा में सोलर क्रांति! मुख्यमंत्री सैनी का आह्वान – “PM सूर्य घर योजना से घटाएं बिजली बिल”
चंडीगढ़/कैथल, 12 जुलाई: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कैथल जिले के गांव प्यौदा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने योजना के लाभार्थी के घर पर जाकर सोलर रूफटॉप सिस्टम का निरीक्षण किया और इसे आमजन के लिए “बिजली बिलों से राहत और ग्रीन ऊर्जा का मजबूत साधन” बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत हरियाणा में 1 लाख अंत्योदय परिवारों के घरों की छतों पर मुफ्त में 2 किलोवाट के सोलर सिस्टम लगाए जा रहे हैं। लक्ष्य पूरा होते ही अगले 1 लाख घरों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। अब तक 26,000 से अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठा चुके हैं, जिनमें कैथल के 1707 परिवार शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने लोगों से आह्वान किया कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस योजना से जुड़ें और अपने बिजली बिलों में भारी कटौती करें। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों की वार्षिक आय ₹1.80 लाख तक है, उन्हें सोलर सिस्टम पर राज्य और केंद्र सरकार की सब्सिडी मिल रही है, जिससे उनके बिजली बिलों का बोझ काफी कम हो गया है।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा,
“यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि देशभर में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा मिल रहा है। हरियाणा इसका अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।”
इसके साथ ही उन्होंने “म्हारा गांव-जगमग गांव योजना“ का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश के 5800 से अधिक गांवों को 24 घंटे बिजली मिल रही है। उन्होंने बची हुई पंचायतों से भी इस योजना से जुड़ने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2014 से पहले उपभोक्ताओं पर मनमर्जी से सरचार्ज लगाया जाता था, जिससे बिल भारी आते थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने सरचार्ज माफ करके आम जनता को राहत दी है।






