चंडीगढ़, 15 जुलाई: हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की कड़ी नीति को दोहराते हुए कहा है कि किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य आम जनता को गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
रणबीर गंगवा ने रोहतक के जनस्वास्थ्य विभाग में अनियमितताओं का खुलासा करते हुए बताया कि वहां के 42 कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट जारी की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करें।
बारिश के पानी की निकासी के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, अतिरिक्त पंप सेट लगाए गए हैं ताकि जलभराव की समस्या का समाधान हो सके। मंत्री ने कहा कि शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्यों पर बात करते हुए मंत्री ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने अब तक 30,664 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कर दी है। 15 जून तक गड्ढे भरने का लक्ष्य पूरा हो चुका है, और 14,000 किलोमीटर सड़कों पर डीएलपी पीरियड के दौरान पेचवर्क भी किया गया है। लापरवाह एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया गया है और खराब सड़कों के नवीनीकरण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
मंत्री ने ओबीसी समाज के लिए सरकार की प्रतिबद्धता जताई और महाराजा गुरु दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में मुख्यमंत्री की कई घोषणाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज को अब सम्मान और विकास का अवसर मिलेगा।
साथ ही, पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर कटाक्ष करते हुए रणबीर गंगवा ने कहा कि पंजाब एसवाईएल मामले में गुमराह कर रही है और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करना चाहिए क्योंकि यह परियोजना हरियाणा के दक्षिणी क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।






