CM नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान — अब सोलर पैनल से रोशन होंगे घर, बिजली बिल होगा शून्य

लाडवा, 30 जुलाई — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीण विकास और ऊर्जा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की छत पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, उनका बिजली बिल शून्य आएगा। यह योजना विशेष रूप से अंत्योदय परिवारों के लिए चलाई जा रही है, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र परिवारों को 2 किलोवाट के सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। योजना की लागत में से ₹70,000 केंद्र सरकार और शेष राशि प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही है। इस वर्ष 1 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है, जिसमें से अब तक 26,000 परिवार लाभान्वित हो चुके हैं।
“हर घर सौर ऊर्जा” की ओर बढ़ता हरियाणा
सीएम सैनी ने कहा कि अधिकारियों की टीमें गांव-गांव जाकर इस योजना की प्रक्रिया को पूरा करेंगी ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की निर्भरता कम होगी और पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा।

गांवों में विकास की रफ्तार तेज़
मुख्यमंत्री ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान करोड़ों रुपये की योजनाओं का एलान किया और एक विशाल खेल स्टेडियम का उद्घाटन किया। घोषणाएं इस प्रकार हैं:
-
गांव गुड़ी: स्वच्छ पेयजल पाइप लाइन के लिए ₹23.04 लाख
-
गांव बकाली: ₹70.44 लाख
-
गांव जोगी माजरा: ₹22 लाख
-
गांव धनौरा जाटान: ₹2.73 करोड़ की लागत से बना खेल स्टेडियम का उद्घाटन
साथ ही उन्होंने सभी गांवों को विकास कार्यों के लिए ₹21-21 लाख देने की घोषणा की और सरपंचों से मिले मांगपत्रों को जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया।
किसानों को राहत: 1334 करोड़ मुआवजा
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हाल की बारिश से फसलें खराब होने पर राज्य सरकार ने ₹1334 करोड़ का मुआवजा सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर किया है। यह किसानों को राहत देने की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है।






