सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की अतिरिक्त निदेशक वर्षा खांगवाल समेत 15 एचसीएस का आईएएस पर पदोन्नति

हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासनिक) वर्षा खांगवाल आईएएस के पद पर पदोन्नत हो गई हैं। भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय द्वारा हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) के 15 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में नियुक्त करने के बारे में अधिसूचना जारी की गई है। इनको अगले आदेश तक प्रोबेशन पर हरियाणा कैडर आवंटित किया गया है।
यह नियुक्तियाँ वर्ष 2021, 2022, 2023 और 2024 की चयन सूचियों के लिए निर्धारित रिक्तियों पर की गई हैं। इनमें विवेक पदम सिंह तथा डॉ. मुनीश नागपाल को वर्ष 2021 का बैच, महेंद्र पाल, सतपाल शर्मा तथा सुशील कुमार-1 को वर्ष 2022 का बैच, वर्षा खांगवाल, वीरेंद्र सिंह सहरावत, सत्येन्द्र दूहन, मनिता मलिक, सतबीर सिंह, अमृता सिंह, योगेश कुमार एवं वंदना दिसोदिया को वर्ष 2023 का बैच और जयदीप कुमार एवं सम्वर्तक सिंह खांगवाल को वर्ष 2024 का बैच दिया गया है।






