Haryana Floods : भूपेंद्र हुड्डा का सैनी सरकार पर हमला,”किसानों को मुआवज़े के नाम पर मज़ाक बना दिया गया है”

Haryana Floods : हरियाणा में बाढ़ की मार झेल रहे किसानों के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मौजूदा सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बाढ़ के कारण राज्य के 6000 से अधिक गांवों में भारी तबाही हुई है और किसानों को जो मुआवज़ा दिया जा रहा है, वह “मज़ाक से कम नहीं” है।
“7000 से 15,000 मुआवज़ा… जबकि लागत है 35,000 प्रति एकड़”
हुड्डा ने कहा कि सरकार ने प्रति एकड़ सिर्फ 7,000 से 15,000 रुपये मुआवज़ा घोषित किया है, जबकि एक किसान की खेती में कम से कम 35,000 रुपये प्रति एकड़ की लागत आती है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने कम मुआवज़े से किसान अपने नुकसान की भरपाई कैसे करेगा?
“4 लाख से ज़्यादा किसानों ने नुकसान की जानकारी दी”
पूर्व मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अब तक करीब 4 लाख किसानों ने ‘क्षतिपूर्ति पोर्टल’ पर अपनी फसलों की खराबी की जानकारी दी है, लेकिन वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द स्पेशल गिरदावरी करवा कर वास्तविक नुकसान का आंकलन करना चाहिए।
Flood Control Board की बैठक क्यों नहीं हुई?
हुड्डा ने आरोप लगाया कि सरकार ने मानसून से पहले Flood Control Board की बैठक तक नहीं की, जिससे बाढ़ नियंत्रण की कोई ठोस तैयारी नहीं हो पाई। ड्रेनों की सफाई नहीं हुई, लेवलिंग नहीं की गई, जिससे जलभराव और नुकसान और बढ़ गया।
राज्य को “बाढ़ग्रस्त” घोषित करने की मांग
हुड्डा ने हरियाणा सरकार से राज्य को “बाढ़ग्रस्त” घोषित करने की मांग की है ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सिर्फ दिखावे के मुआवज़े से किसानों की समस्या हल नहीं होगी। जरूरत है ठोस योजना, पारदर्शिता और संवेदनशीलता की।






