हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वृद्धाश्रम में मनाया दीपोत्सव, बुजुर्गों संग बांटी खुशियाँ

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीपावली का पर्व इस बार सेवा, स्नेह और संवेदनाओं के साथ मनाया। सोमवार को मुख्यमंत्री पंचकूला के सेक्टर-15 स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे, जहाँ उन्होंने वृद्धजनों के साथ दीपोत्सव मनाया। इस अवसर पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी सुमन सैनी भी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं, उन्हें मिठाइयाँ वितरित कीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने वृद्धाश्रम में दीये जलाए और आतिशबाजी कर बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा —पंचकूला के वृद्धाश्रम में पहुंचकर सम्माननीय वृद्धजनों के साथ दीपोत्सव मनाना अत्यंत आत्मीय, प्रेरणादायक और आनंददायक अनुभव रहा। दीपावली का यह पर्व प्रेम, स्नेह और मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक है। सच्चा उत्सव वही होता है, जिसमें हर चेहरे पर मुस्कान और हर हृदय में अपनत्व का प्रकाश झिलमिलाता हो।”






