Punjab Bus Strike: PRTC, पनबस और पंजाब रोडवेज कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की हड़ताल खत्म,जानिए किन मांगों पर बनी सहमति?

PRTC–Punjab Roadways Strike Over : पंजाब में कई दिनों से जारी PRTC, पनबस और पंजाब रोडवेज कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी यूनियन की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। यह फैसला ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर लालजीत सिंह भुल्लर के साथ पट्टी स्थित उनके निवास पर हुई अहम बैठक के बाद लिया गया। बैठक में कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनते ही यूनियन ने हड़ताल समाप्त करने का ऐलान कर दिया।
यूनियन नेताओं ने बताया कि मंत्री भुल्लर ने गिरफ्तार कर्मचारियों की बिना शर्त रिहाई, सस्पेंड कर्मचारियों को वापस बहाल, और कच्चे कर्मचारियों को रेगुलर करने संबंधी मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। साथ ही सरकार द्वारा लगाए गए कथित “गैर-कानूनी पर्चों” को भी वापस लेने पर सहमति बनी है।
बैठक के दौरान मंत्री ने यूनियनों से अपील की कि वे किलोमीटर स्कीम के विरोध को खत्म करें, हड़ताल वापस लें और काम पर लौट आएं। आश्वासन मिलने के बाद यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारी तुरंत अपनी ड्यूटीज जॉइन करेंगे।
गौरतलब है कि कर्मचारियों का प्राइवेटाइजेशन के खिलाफ विरोध और कच्चे कर्मचारियों को रेगुलर करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। विरोध प्रदर्शन के दौरान कई यूनियन नेताओं की गिरफ्तारी भी हुई थी, जिसके बाद हड़ताल और तेज हो गई थी। सरकार ने कल ही यूनियन को बातचीत के लिए बुलाया था, जिसके बाद आज समाधान निकल आया।
इस बैठक में PRTC Employees Union, चेयरमैन बलविंदर सिंह, और यूनियन नेता भगत सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।






