दिल्ली प्रदूषण पर बड़ा खुलासा: केंद्र ने मानी 90% पराली में कमी, धालीवाल बोले—“पंजाब को साजिश के तहत बदनाम किया गया”

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और पंजाब के किसानों पर लगाए गए आरोपों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार और दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला है। धालीवाल ने कहा कि पिछले कई वर्षों से एक सोची-समझी रणनीति के तहत पंजाब को बदनाम किया गया, लेकिन अब सच पूरे देश के सामने आ गया है।
मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में धालीवाल ने दावा किया कि संसद में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा पेश किए गए आधिकारिक आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में 90% तक की भारी कमी आई है। उन्होंने कहा कि जब पंजाब में पराली जलाना लगभग खत्म हो चुका है, तो दिल्ली में प्रदूषण के लिए अब किसे जिम्मेदार ठहराया जाएगा?
दिल्ली का इंडस्ट्रियल वेस्ट और कूड़े के पहाड़—CSE रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
धालीवाल ने आगे कहा कि दिल्ली का बढ़ता प्रदूषण पंजाब की पराली नहीं, बल्कि दिल्ली का अपना इंडस्ट्रियल वेस्ट और कूड़े के पहाड़ों में लगने वाली आग से निकलने वाला जहरीला धुआं है। प्रतिष्ठित संस्था CSE (Centre for Science and Environment) की रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि दिल्ली की हवा खराब होने का मुख्य कारण इसी स्थानीय प्रदूषण कारक हैं।
उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिरसा पर सवाल उठाते हुए पूछा— “जब पंजाब में पराली न के बराबर जली, तो दिल्ली का प्रदूषण कौन बढ़ा रहा है? दिल्ली सरकार जनता को सच बताए।”
बाढ़ मुद्दे पर भी केंद्र घिरा—मंत्री ने माना, ‘कुदरती आफत’ थी वजह
धालीवाल ने पंजाब में आई हालिया बाढ़ पर भी केंद्र के रुख की आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले ड्रेन्स की सफाई और अवैध खनन को बाढ़ का कारण बताया था, लेकिन अब केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने संसद में स्वीकार किया कि— पंजाब में बाढ़ का कारण सिर्फ प्राकृतिक आपदा थी, न कि कोई मानवीय लापरवाही।
उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट प्रमाण है कि पंजाब के खिलाफ एक राजनीतिक साजिश के तहत झूठ फैलाया गया।
धालीवाल का आरोप—“केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर पंजाब को बदनाम कर रही थीं”
धालीवाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के बयानों के बाद यह सिद्ध हो गया है कि भाजपा और दिल्ली सरकार ने वर्षों तक पंजाब के किसानों को गलत तरीके से कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि अब देश जान चुका है कि सच कौन बोल रहा था और साजिश कौन कर रहा था।






