संसद में AAP सांसद कंग बोले—”बिहार में PM करोड़ों की बोली लगाते हैं, पंजाब से भेदभाव क्यों?

पंजाब में आई भीषण बाढ़ से हुआ भारी नुकसान अब सीधे संसद के भीतर गूंज रहा है। श्री आनंदपुर साहिब से आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और पंजाब के लिए 50 हजार करोड़ रुपये के स्पेशल राहत पैकेज की मांग रखी।
कंग ने कहा कि “पंजाब में बाढ़ ने 6 जिलों के 2500 गांव तबाह कर दिए। 5 लाख एकड़ फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री दौरे तो करके चले गए, लेकिन आज तक पंजाब को एक रुपये की भी मदद नहीं दी गई।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि— जब बिहार चुनाव आते हैं, तब PM 50–90 हजार करोड़ की बोली लगाते हैं, मगर पंजाब को मुश्किल समय में उसके हाल पर छोड़ दिया जाता है।
कंग ने संसद में उठाए ये 4 बड़े मुद्दे
1. 5 लाख एकड़ फसल तबाह
उन्होंने बताया कि पंजाब के 6 जिलों में आई बाढ़ ने 2500 गांवों को पूरी तरह खत्म कर दिया और लाखों किसानों की तैयार खड़ी फसल बर्बाद कर दी। सबसे बड़ी मार सीमा क्षेत्र के लोगों पर पड़ी, जिन्होंने हमेशा देश की रक्षा और ऑपरेशन सिंधूर में सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर योगदान दिया।
2. PM का दौरा—पर मदद शून्य
कंग ने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों ने दौरे किए, लेकिन राज्य को राहत देने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से एक भी रुपये की मदद नहीं भेजी गई।
3. “बिहार में करोड़ों की बोली, पंजाब से अन्याय क्यों?”
कंग ने PM मोदी पर सीधा हमला किया—चुनावों में बिहार के लिए 50–90 हजार करोड़ रुपए का ऐलान होता है, पर पंजाब जैसे देश के अनाज भंडार और बलिदान की धरती को संकट में अकेला छोड़ दिया जाता है।
4. 50 हजार करोड़ का स्पेशल पैकेज देने की मांग
उन्होंने संसद में मांग रखी कि केंद्र सरकार तुरंत 50 हजार करोड़ का विशेष राहत पैकेज दे ताकि—
-
टूटे घर फिर से बन सकें
-
किसान अपनी जमीन पर दोबारा खड़े हो सकें
-
सड़कें, अस्पताल और कारोबार बहाल हो सकें
-
बॉर्डर इलाके फिर से जीवन सामान्य कर सकें






