कांग्रेस–अकाली दल का हिंसा और धांधली का इतिहास बेनकाब, AAP को बदनाम करने की बौखलाहट में फैला रहे झूठ: कुलदीप धालीवाल

चंडीगढ़, 6 दिसंबर: आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप धालीवाल ने कांग्रेस और अकाली दल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि दोनों पार्टियों का इतिहास “हिंसा, धांधली और डर की राजनीति” से भरा पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब पहली बार जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने जा रहा है।
“कांग्रेस–अकाली दल की सरकारों में लिस्टें घर से तैयार होती थीं”
धालीवाल ने कहा कि पिछले समय में सत्ता में रही कांग्रेस और अकाली दल खुलेआम चुनाव प्रक्रिया को बंधक बनाते थे।
उन्होंने आरोप लगाया “अकाली-कांग्रेस के दौर में सरपंची के चुनाव ही नहीं होते थे। सीधे लिस्टें लगती थीं और पसंदीदा उम्मीदवारों को विजेता घोषित कर दिया जाता था। यह लोकतंत्र का सबसे काला दौर था।” उन्होंने कहा कि मान सरकार ने चुनावी प्रक्रिया को पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाया है, जिसके कारण विपक्ष बौखलाया हुआ है।
राजा सांसी में कांग्रेसी नेताओं के हमले का ज़िक्र
धालीवाल ने विधानसभा हल्का राजा सांसी के गांव पिंडी सैदां में आप उम्मीदवार लखविंदर सिंह लक्खा और पार्टी कार्यकर्ताओं पर कथित गोलीबारी की घटना को बेहद शर्मनाक बताया।
उन्होंने कहा “कांग्रेस हमेशा की तरह हिंसा पर उतारू है। हमारे उम्मीदवारों पर गोलियां चलाई गईं, हथियारों से हमला किया गया। यह कांग्रेस की निचले दर्जे की सोच को दर्शाता है।” सभी घायल कार्यकर्ता अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।
पूर्व विधायक दलबीर जीरा का ‘फाइलें घर पर मंगवाने’ वाला वीडियो विवाद में
धालीवाल ने पूर्व कांग्रेस विधायक दलबीर जीरा के एक वायरल वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें वह कथित रूप से कह रहे हैं कि—“हम तो फाइलें घर पर मंगवा लेते थे।” धालीवाल ने कहा कि यह बयान खुद साबित करता है कि पिछली सरकारों में कैसे फाइलें दबती थीं, कैसे चुनावी प्रक्रिया पर कब्जा जमाया जाता था।
“AAP के आने से पहली बार स्वतंत्र चुनाव”: धालीवाल
उन्होंने कहा- “पंजाब में पहली बार बिना दबाव, बिना गुंडागर्दी और बिना पक्षपात के चुनाव हो रहे हैं। यही कांग्रेस–अकाली दल को सबसे ज़्यादा चुभ रहा है।”
उन्होंने कहा कि आप सरकार ने:
-
सरकारी मशीनरी को निष्पक्ष रखा
-
प्रशासन को राजनीतिक दबाव से मुक्त किया
-
चुनाव के हर चरण को पारदर्शी बनाया
विपक्ष की बौखलाहट पर धालीवाल का पलटवार
AAP प्रवक्ता ने कहा-“विरोधी इस बात से परेशान हैं कि आम घरों से निकले लोग राजनीति में जगह बना रहे हैं। इसलिए वे झूठे, मनगढ़ंत आरोप लगाकर ‘आप’ को बदनाम करने में जुटे हैं।”उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हिंसा करने वाले चाहे किसी भी पार्टी के हों, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।






