Japan Earthquake : 7.6 तीव्रता के भूकंप से हिला जापान, तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी

Japan Earthquake : जापान के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में देर रात आए 7.6 तीव्रता के भीषण भूकंप ने पूरे इलाके को दहला दिया। स्थानीय समय अनुसार रात 11:15 बजे आए इस भूकंप का केंद्र लगभग 50 किलोमीटर की गहराई पर था। आओमोरी प्रिफेक्चर के हाचिनोहे शहर में झटकों की तीव्रता जापान के 7-स्तरीय पैमाने पर “ऊपरी 6” मापी गई।
फुकुशिमा प्लांट में दूषित जल छोड़ने की प्रक्रिया रोकी गई
भूकंप के बाद फुकुशिमा दाइची परमाणु संयंत्र से परमाणु-दूषित अपशिष्ट जल को समुद्र में छोड़े जाने की प्रक्रिया तुरंत रोक दी गई। टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के अनुसार, रात 11:42 बजे जारी सुनामी चेतावनी के बाद यह कदम उठाया गया।
होक्काइडो, आओमोरी, इवाते में सुनामी अलर्ट
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने आओमोरी, इवाते और होक्काइडो के तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी की है। चेतावनी के अनुसार कुछ जगहों पर 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
-
होक्काइडो के उराकावा शहर में रात 12:21 बजे
-
इवाते प्रिफेक्चर के कुजी पोर्ट में 12:10 बजे
लगभग 50 सेंटीमीटर ऊंची लहरें दर्ज की गईं।
कुछ लोग घायल, कई घरों में बिजली गुल
आओमोरी और होक्काइडो में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है, हालांकि सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आओमोरी प्रशासन के मुताबिक 2,700 से अधिक घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
बुलेट ट्रेन सेवाएं निलंबित
भूकंप के बाद तोहोकू शिंकानसेन (बुलेट ट्रेन) सेवाओं को फुकुशिमा स्टेशन और शिन-आओमोरी स्टेशन के बीच दोनों दिशाओं में रोक दिया गया है।
सरकार सतर्क, संकट प्रबंधन केंद्र सक्रिय
मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने बताया कि सरकार हालात पर नजर रखे हुए है और हताहतों व नुकसान का आकलन जारी है।
प्रधानमंत्री कार्यालय में संकट प्रबंधन केंद्र भी सक्रिय कर दिया गया है।






