बंगाल-तमिलनाडु में चुनावी महासंग्राम, आज होगी वोटिंग

नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जबकि 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। बंगाल में पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार थम चुका है, अब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का फोकस दूसरे फेज की सीटों पर है। योगी आदित्यनाथ, अमित शाह जैसे बीजेपी के बड़े नेताओं ने 22 अप्रैल को भी बंगाल में कई रैलियों को संबोधित किया। हालांकि, जनता का फैसला तय करेगा कि बंगाल में ‘दीदी’ का राज जारी रहेगा या ‘परिवर्तन’ आएगा। वहीं, तमिलनाडु में ‘ड्राविड़ मॉडल’ मजबूत होगा या नया सितारा चमकेगा। बता दें कि विधानसभा चुनाव के नतीजे चार मई को घोषित होंगे।
कुल 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने 48 घंटे की शांतिपूर्ण अवधि और ड्राई डे सहित सख्त नियम लागू किए हैं। अब तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस चरण में 3 करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 मतदाता मतदान के पात्र हैं। चुनाव आयोग ने मतदान से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पहले चरण के लिए 8000 से अधिक बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। इन बूथों पर केंद्रीय बलों, निगरानी टीमों और त्वरित प्रतिक्रिया इकाइयों की तैनाती बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि इनका उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना है।
वोटिंग से पहले ममता को केजरीवाल का साथ
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। इस बीच आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो ने फोन पर टीएमसी सुप्रीमो और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की। अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि अभी-अभी ममता दीदी से फोन पर बात हुई। मैंने उनके प्रति अपनी पूरी एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया। वह एक बहुत ही मुश्किल लड़ाई लड़ रही हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे महत्त्वपूर्ण लड़ाइयों में से एक है। चुनाव आयोग समेत सभी संस्थाओं का दुरुपयोग करने के बावजूद मोदी जी की हार होगी।






