पंजाब

बोरवेल में गिरा चार वर्षीय मासूम, 9 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

होशियारपुर । पंजाब के होशियारपुर जिले में दसूहा रोड पर स्थित भीखोवाल के पास स्थित चक समाना गांव में शुक्रवार शाम अपने घर के पास खेलते समय खुले बोरवेल में गिर गए चार वर्षीय बच्चे को शनिवार सुबह करीब नौ घंटे लंबे बचाव अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिला उपायुक्त आशिका जैन ने बताया कि बच्चे की पहचान गुरकरण सिंह के रूप में हुई है। वह लगभग 20 से 30 फीट गहरे बोरवेल में फंस गया था। बचाव दल ने उसे रात करीब 12:40 बजे बाहर निकाला और तुरंत चिकित्सा जांच एवं उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि बचाव अभियान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ( एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल ( सीडीआरएफ) , पंजाब पुलिस, जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग के कर्मियों तथा स्थानीय लोगों द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया। पंजाब के मंत्री डॉ रवजोत सिंह और सांसद डॉ राज कुमार चब्बेवाल पूरे बचाव अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहे और लगातार निगरानी करते रहे।

उपायुक्त जैन ने बताया कि शाम करीब चार बजे घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। उन्होंने कहा कि बच्चा घर के पास खुले बोरवेल में फिसलकर गिर गया था। अधिकारियों के अनुसार, बोरवेल हाल ही में चालू किया गया था और उसके आसपास मिट्टी एवं बजरी भरने का काम अभी बाकी था। उन्होंने बताया कि शुरुआत में बचाव दल ने बच्चे की स्थिति पर नजर रखने और उसे ऑक्सीजन उपलब्ध करवाने के लिए बोरवेल में कैमरा और ऑक्सीजन पाइप डाला। उन्होंने कहा, “शुरुआत में कैमरे की फुटेज में बच्चे की हलचल दिखाई दे रही थी, जिससे बचाव दल को स्थिति का आकलन करने में मदद मिली।” उन्होंने बताया कि बाद में बोरवेल के अंदर ढीली मिट्टी गिरने लगी, जिससे कैमरे की निगरानी मुश्किल हो गई और बचाव अभियान और अधिक जटिल हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button