नशे की ओवरडोज से युवक की मौत, जीरकपुर के भबात में पेश आया वाकया

जीरकपुर
गांव भबात में नशे की ओवरडोज से 34 वर्षीय युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान रोहित निवासी भबात के रूप में हुई है। परिजनों और गांव वालों ने माजरी क्षेत्र में रहने वाले हरबंस और उसके बेटों काकू व हनी पर खुलेआम नशा बेचने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया है। रोहित शनिवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। रात करीब डेढ़ बजे परिवार को सूचना मिली कि वह माजरी क्षेत्र में काकू के घर के बाहर बरामदे में बेसुध पड़ा है। इसके बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि युवक की मौत करीब आधा घंटा पहले हो चुकी थी। मृतक के परिवार का आरोप है कि रोहित पहले कभी नशा नहीं करता था।
परिजनों का कहना है कि हरबंस और उसके दोनों बेटे इलाके में लंबे समय से सरेआम नशा बेच रहे हैं। गांव के लोग कई बार पुलिस से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने आरोप लगाया कि रोहित को जबरन नशा दिया गया, जिससे उसकी ओवरडोज हो गई। आरोप है कि हालत बिगडऩे पर आरोपियों ने उसे अपने घर से बाहर बरामदे में फेंक दिया। परिवार ने यह भी दावा किया कि रोहित की जेब में रखे करीब पांच हजार रुपये भी गायब मिले। गांव वालों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जो भी उनके खिलाफ आवाज उठाता है, उसके साथ मारपीट करवाई जाती है। आरोप यह भी है कि गिरोह में एक महिला भी शामिल है।





