अमृतसर में बड़ी सफलता: ड्रग्स व अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
ड्रग्स व अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर: काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीम ने ड्रग्स और अवैध हथियार/गोला-बारूद की तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5.5 किलोग्राम हेरोइन, 4 पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सरहद पार बैठे तस्करों के संपर्क में थे और उन्हें आगे सप्लाई के लिए हथियार और गोला-बारूद की खेप मिली थी, जिसे पंजाब में वितरित किया जाना था।
इस संबंध में थाना SSOC अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगालने में जुटी है, ताकि इससे जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि नशे, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ उसकी “जीरो टॉलरेंस” नीति जारी रहेगी और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।






