आज की ख़बरहरियाणा

इग्नू में जनवरी 2025 सत्र के लिए दाखिले शुरू, 31 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदन, ऐसे करें आवेदन

चंडीगढ़, 17 दिसंबर: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के तहत जनवरी 2025 सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी डॉ धर्म पाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इग्नू कौशल आधारित और ज्ञान आधारित शिक्षा के लिए देश का सबसे उपयुक्त विश्वविद्यालय है। इग्नू का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ावा देकर उनके लिए समान अवसर उपलब्ध करवाना है, विशेष रूप से रिमोट एरिया और गांव-देहात के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्रदान करना।

इन पाठ्यक्रमों में ले सकते हैं दाखिला

डॉ धर्म पाल ने बताया कि इग्नू स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों की पेशकश करता है।

स्नातक पाठ्यक्रम: उम्मीदवारों का 12वीं पास या समकक्ष होना आवश्यक है।

स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री जरूरी है।

 

उन्होने बताया कि इग्नू की प्रवेश प्रक्रिया में कोई अधिकतम आयु सीमा नहीं है, जिससे किसी भी उम्र के व्यक्ति उच्च शिक्षा हासिल कर सकते हैं।

दाखिले के लिए आवश्यक दस्तावेज

इग्नू में दाखिले के लिए उम्मीदवारों को निम्नलिखित स्कैन किए गए दस्तावेजों की जरूरत होगी:

 

1. फोटोग्राफ

2. हस्ताक्षर

3. शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र

4. अनुभव प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)

5. श्रेणी प्रमाण पत्र

6. आयु प्रमाण पत्र

7. बीपीएल प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)

 

ऐसे करें आवेदन

इग्नू में दाखिले के लिए इच्छुक छात्र आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

1. होमपेज पर दिए गए ‘Fresh Admission’ लिंक पर क्लिक करें।

2. मांगी गई जानकारी जैसे ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर आदि भरें।

3. आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।

4. ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर दाखिला फीस जमा करें।

 

डॉ धर्म पाल ने बताया कि दाखिला फॉर्म में दर्ज किए गए नाम और अन्य विवरण शैक्षिक दस्तावेजों के समान होने चाहिए। आवेदन के दौरान यदि कोई त्रुटि होती है, तो छात्रों को फॉर्म सुधारने का अवसर भी दिया जाएगा।

महत्वपूर्ण तिथि

जनवरी 2025 सत्र में प्रवेश के लिए पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2025 निर्धारित की गई है।

 

महत्वपूर्ण निर्देश

उम्मीदवारों को केवल अपनी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी का उपयोग करके पोर्टल पर लॉगिन करना चाहिए।

फीस भुगतान के लिए केवल क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड का ही उपयोग करें।

 

डॉ धर्म पाल ने सभी इच्छुक विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे समय रहते इग्नू के पाठ्यक्रमों में दाखिला

लेकर उच्च शिक्षा का लाभ उठाएं और अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button