HaryanaTop StoriesTrending News

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने की ₹2,256 करोड़ की स्वास्थ्य परियोजनाओं की घोषणा

पंचकूला, 15 जुलाई: हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक नई क्रांति लाने का संकल्प लिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने पंचकूला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए ₹2,256 करोड़ की परियोजनाओं के उद्घाटन की बड़ी घोषणा की। इसके साथ ही ₹594 करोड़ की अतिरिक्त परियोजनाओं का शिलान्यास भी अगले महीने किया जाएगा।

मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-स्वास्थ्य केंद्र एवं नागरिक अस्पतालों सहित 785 चिकित्सा सुविधाओं का उन्नयन किया जाएगा, जिनमें से 534 के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा 720 नए डॉक्टरों की नियुक्ति के साथ शेष रिक्त पदों को भी जल्द भरा जाएगा।

मातृ एवं नवजात देखभाल को मिलेगा बढ़ावा

आरती सिंह रावआरती सिंह राव ने कहा कि राज्य में प्रथम रेफरल इकाइयों (एफआरयू) की संख्या 2014 में 41 थी, जो अब बढ़कर 87 हो गई है। यह इकाइयां मातृ एवं नवजात देखभाल में अहम भूमिका निभाती हैं। और भी कई विशेषज्ञ सेवाओं वाली एफआरयू पाइपलाइन में हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवा में सुधार होगा।

‘उज्जवल दृष्टि हरियाणा’ अभियान से बच्चों को मिलेगा मुफ़्त चश्मा

मंत्री आरती सिंह राव ने ‘उज्जवल दृष्टि हरियाणा’ अभियान के तहत 22 जिला अस्पतालों, 50 उपमंडल अस्पतालों और 122 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अब तक 1.4 लाख से अधिक चश्मे वितरित किए जाने की जानकारी दी। 14,267 सरकारी स्कूलों में लगभग 21 लाख बच्चों की आंखों की जांच चल रही है और लगभग 40,000 दृष्टिबाधित छात्रों को मुफ्त चश्मे दिए जाएंगे।

मेडिकल शिक्षा और आयुष क्षेत्र में भी बड़ा निवेश

हरियाणा में एमबीबीएस सीटें 2014 की तुलना में तीन गुना बढ़कर 2,185 हो गई हैं। भिवानी और चरखी दादरी में नए मेडिकल कॉलेज खुलने के बाद इस साल के अंत तक और 300 सीटें जुड़ेंगी। आरती सिंह राव ने कहा कि पीजी सीटें भी 289 से बढ़कर 874 हो चुकी हैं। नर्सिंग शिक्षा के लिए छह नए कॉलेज बन रहे हैं, जिनमें से एक रेवाड़ी कॉलेज पहले ही शुरू हो चुका है।

आयुष क्षेत्र में भी बड़ा विस्तार किया जाएगा। कुरुक्षेत्र के फतेहपुर में श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी, जहाँ बीएएमएस, पीजी और फार्मेसी की सीटें उपलब्ध होंगी। साथ ही रेवाड़ी और जींद में हर्बल पार्क और अंबाला में होम्योपैथिक कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है।

लिंगानुपात सुधार पर मंत्री का बड़ा बयान

लिंगानुपात के सुधार के लिए सख्त कार्रवाई का ज़िक्र करते हुए मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि पिछले 2-3 वर्षों में अवैध गर्भपात की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। एमटीपी गोलियों की बिना पर्ची बिक्री पर प्रतिबंध लगाने और रिवर्स ट्रैकिंग के कारण सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button