हरियाणा की महिलाओं को बड़ी राहत! लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार, 1 लाख से ज्यादा नई महिलाओं को मिलेंगे ₹2100 हर माह

Haryana : हरियाणा सरकार ने महिला सशक्तिकरण को मजबूती देते हुए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दायरे का बड़ा विस्तार कर दिया है। इस फैसले के बाद राज्य की एक लाख से अधिक नई महिलाओं को योजना का सीधा लाभ मिलेगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
पुराने लाभार्थियों का लाभ रहेगा जारी
सरकारी प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि जिन महिलाओं की पारिवारिक सालाना आय एक लाख रुपये तक है, उन्हें पहले की तरह इस योजना का लाभ मिलता रहेगा। 2100 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता में कोई कटौती नहीं की गई है। किसी भी पात्र महिला का मौजूदा लाभ न रोका गया है और न ही समाप्त किया गया है।
योजना में जोड़ी गईं तीन नई श्रेणियां
राज्य सरकार ने सामाजिक और शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देने के लिए योजना में तीन नई श्रेणियां जोड़ी हैं। इन श्रेणियों के लिए पारिवारिक सालाना आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम होनी चाहिए और अधिकतम 3 बच्चों तक ही लाभ मिलेगा।
पहली श्रेणी: मेधावी बच्चों की माताएं
जिन परिवारों की आय 1.80 लाख रुपये से कम है और बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ते हों,10वीं या 12वीं में 80% से अधिक अंक लाते हों, ऐसी माताओं को ₹2100 प्रति माह का लाभ मिलेगा।
दूसरी श्रेणी: निपुण मिशन से जुड़ी माताएं
यदि किसी परिवार की आय 1.80 लाख से कम है और बच्चे भारत सरकार के निपुण मिशन के तहत कक्षा 1 से 4 तक ग्रेड लेवल प्रोफिशिएंसी हासिल करते हैं तो ऐसी माताओं को भी लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ दिया जाएगा।
तीसरी श्रेणी: कुपोषण से बच्चों को बाहर लाने वाली माताएं
यदि पोषण ट्रैकर में दर्ज कोई बच्चा पहले कुपोषित या एनीमिया से ग्रस्त था, मां के प्रयासों से वह स्वस्थ होकर ग्रीन जोन में आ जाता है तो ऐसी माताओं को भी ₹2100 प्रति माह की आर्थिक सहायता मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
सरकार का यह फैसला न सिर्फ महिलाओं को आर्थिक मजबूती देगा, बल्कि शिक्षा में गुणवत्ता,पोषण और स्वास्थ्य सुधार,माताओं की भूमिका को सम्मान देने की दिशा में भी एक अहम कदम माना जा रहा है।






