दिग्गज अभिनेता-निर्देशक Dheeraj Kumar नहीं रहे: ‘ओम नमः शिवाय’ जैसे आइकॉनिक शो देने वाले क्रिएटर का 79 साल की उम्र में निधन
मुंबई, 15 जुलाई 2025 – भारतीय फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता, निर्देशक और निर्माता धीरज कुमार (Dheeraj Kumar) का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वह पिछले कुछ दिनों से एक्यूट निमोनिया से पीड़ित थे और मंगलवार को उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
धीरज कुमार (Dheeraj Kumar) टेलीविजन इतिहास में ‘ओम नमः शिवाय’ जैसे भव्य पौराणिक धारावाहिक के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। उनकी मौत से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। CINTAA (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) ने भी उनकी मृत्यु पर शोक जताते हुए उन्हें 1970 से संगठन का एक “आदरणीय सदस्य” बताया और उनके योगदान को अमर बताया।
अंतिम दिनों तक एक्टिव थे धीरेज कुमार
हाल ही में धीरज कुमार (Dheeraj Kumar) को नवी मुंबई के ISKCON मंदिर के उद्घाटन समारोह में देखा गया था, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार की सराहना की थी। उस दौरान वे पूरी तरह स्वस्थ नजर आए थे, जिससे उनके असमय निधन की खबर से सभी चौंक गए।
एक अभिनेता से निर्माता-निर्देशक बनने का सफर
धीरज कुमार का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। 1965 में एक टैलेंट हंट शो के जरिए उन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखा। उस शो में उनके साथ सुभाष घई और राजेश खन्ना भी शामिल थे, जहां राजेश खन्ना विजेता बने थे। इसके बाद धीरज कुमार (Dheeraj Kumar) ने पंजाबी सिनेमा में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया और 1970 से 1984 तक 21 पंजाबी फिल्मों में काम किया।
बॉलीवुड से टीवी तक दमदार उपस्थिति
धीरज कुमार (Dheeraj Kumar) ने ‘हीरा पन्ना’, ‘सरगम’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’ जैसी हिट फिल्मों में भी काम किया, लेकिन असली पहचान उन्हें टेलीविजन से मिली। उन्होंने ‘ओम नमः शिवाय’, ‘कहां गए वो लोग’, ‘अदालत’, ‘सिंहासन बत्तीसी’, ‘ये प्यार ना होगा कम’ और ‘मायका’ जैसे सफल धारावाहिकों का निर्माण और निर्देशन किया।






