
Punjab News : पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित ISI नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वांछित आरोपियों साजन मसीह और मनीष बेदी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे और अलग-अलग देशों में ठिकाने बदलकर सुरक्षा एजेंसियों को चकमा दे रहे थे।
दुबई से आर्मेनिया तक फैला नेटवर्क
पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव (DGP Gaurav Yadav) ने बताया कि दोनों आरोपी पहले दुबई में सक्रिय थे, जिसके बाद वे आर्मेनिया शिफ्ट हो गए। इसके बाद इन्होंने कई देशों में लगातार लोकेशन बदली ताकि कानून की पकड़ से बाहर रह सकें।
पुख्ता खुफिया इनपुट के आधार पर केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से एक विशेष ऑपरेशन चलाया गया, जिसके तहत दोनों को मुंबई से दबोच लिया गया।
ISI हैंडलरों के सीधे संपर्क में थे आरोपी
जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर हरविंदर रिंदा और अमेरिका आधारित हैप्पी पासीया के संपर्क में थे।
ये आरोपी आर्म्स सप्लाई, हत्या और अन्य संगीन अपराधों में संलिप्त रहे हैं। डीजीपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विदेशों में बैठकर अपराध चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गैंगस्टर शमशेर शेरा पर भी शिकंजा
इस नेटवर्क से जुड़े तीसरे साथी, आर्मेनिया में बैठकर आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहे कुख्यात गैंगस्टर शमशेर शेरा पर भी कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है। सुरक्षा एजेंसियां उसकी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द ही बड़ी कार्रवाई संभव है।
“कानून से भागने वालों के लिए कड़ा संदेश”
डीजीपी गौरव यादव (DGP Gaurav Yadav) ने कहा कि यह ऑपरेशन उन सभी अपराधियों के लिए कड़ी चेतावनी है, जो विदेशों में छिपकर भारत में अपराध फैलाने की साजिश रचते हैं। पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।






