गुरुग्राम जलभराव पर CM सैनी का बयान वायरल: “अमेरिका भी नहीं बच पाता भारी बारिश से

पंचकूला , 2 अगस्त 2025 – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “जब घनी बारिश होती है, तो जलभराव होना स्वाभाविक है। अमेरिका जैसा विकसित देश भी इससे नहीं बच पाता – कैलिफोर्निया में तो बारिश में घर तक बह जाते हैं।”
सीएम ने पंचकूला में ग्रुप D के तहत 1500 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटने के बाद मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा है और सरकार इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
“हमने 1.85 लाख युवाओं को दी नौकरी – बिना पर्ची, बिना खर्ची”
इस कार्यक्रम में सीएम सैनी ने बताया कि हरियाणा सरकार अब तक 1 लाख 85 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं में सरकार के प्रति भरोसा बढ़ा है, क्योंकि अब नौकरी बिना सिफारिश और खर्च के मिल रही है।
भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला
पंजाब की आप सरकार पर सीएम सैनी ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मान साहब ने महिलाओं से 2000 रुपए देने का वादा किया था, लेकिन अब टॉफियां बांट रहे हैं। पांच साल झूठ बोलकर सरकार चलाई और किसानों पर लाठियां चलवाईं। जबकि हरियाणा में हमने किसानों को मुआवजा दिया।”
कलेक्टर रेट पर विपक्ष को घेरा
हरियाणा में कलेक्टर रेट बढ़ने को लेकर विपक्ष के आरोपों पर सीएम ने स्पष्ट किया कि “सिर्फ 10% वृद्धि 72% क्षेत्र में हुई है। जबकि जहां रेट 50% बढ़ा है, वह भी जमीन की रजिस्ट्री दर के मुकाबले कहीं कम है।” उन्होंने कहा कि किसानों को अधिग्रहण के समय सही मुआवजा मिले, इसलिए यह ज़रूरी था।
उन्होंने बताया कि “गुरुग्राम में एक प्लॉट 400 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ, जिससे यह साफ है कि ज़मीन की असली कीमत कलेक्टर दर से कई गुना ज़्यादा है। विरोध कर रहे लोग किसानों के हित के खिलाफ हैं।”






