अम्बाला, 18 जुलाई – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने घोषणा की है कि अंबाला छावनी स्थित सिविल अस्पताल में 100 बिस्तर के नए भवन का निर्माण कार्य पुनः शुरू कर दिया गया है। यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) के रूप में तैयार किया जाएगा, जिससे गंभीर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
इस परियोजना की कुल लागत ₹14.79 करोड़ है। निर्माण कार्य पहले माननीय हाईकोर्ट और ऑबिर्टेशन केस के चलते रुका हुआ था, जिसे अब दोबारा टेंडर प्रक्रिया के बाद शुरू किया गया है।
नया भवन सात मंजिला होगा, जिसमें दो बेसमेंट फ्लोर शामिल हैं। एक फ्लोर पर वाहनों की पार्किंग और दूसरे पर एसी व गैस प्लांट स्थापित किया जाएगा। ग्राउंड फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन, रिसेप्शन और इमरजेंसी सेवाएं होंगी। पहले फ्लोर पर 28 बेड का इमरजेंसी वार्ड, दूसरे पर इनफेक्टिव ICU और तीसरे-चौथे फ्लोर पर सुपर स्पेशलिस्ट OT, इनफेक्टिव OT व वार्ड बनाए जाएंगे।
यह भवन अस्पताल की क्षमता को 100 से बढ़ाकर 200 बिस्तर तक पहुंचाएगा। सीसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट, इमरजेंसी उपकरण, दवाएं, पोस्ट केयर और कोरोना जैसी बीमारियों के लिए अलग वार्ड की भी सुविधा होगी। भवन को इस तरह डिजाइन किया गया है कि सामान्य मरीजों को संक्रमण का खतरा न हो।
मंत्री विज ने कहा कि यह परियोजना अंबाला के नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी और स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देगी।






