हरियाणा कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: राव नरेंद्र सिंह नए प्रदेश अध्यक्ष, भूपेंद्र सिंह हुड्डा फिर बने नेता प्रतिपक्ष

चंडीगढ़ | 30 सितंबर 2025 ; हरियाणा कांग्रेस में लंबे समय से चली आ रही अटकलों पर विराम लगाते हुए पार्टी हाईकमान ने बड़ा राजनीतिक बदलाव किया है। वरिष्ठ नेता राव नरेंद्र सिंह को हरियाणा कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को एक बार फिर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राहुल गांधी की पसंद बने राव नरेंद्र सिंह
राव नरेंद्र सिंह को कांग्रेस नेतृत्व की पसंद माना जा रहा है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनकी सक्रिय भागीदारी ने आलाकमान का भरोसा जीत लिया। राव को युवाओं का प्रतिनिधि चेहरा माना जा रहा है, और यह नियुक्ति पार्टी की युवा नेतृत्व को आगे लाने की मंशा को दर्शाती है।
उनकी नियुक्ति के साथ ही चौधरी उदयभान की छुट्टी कर दी गई है, जो अब तक प्रदेश अध्यक्ष थे। माना जा रहा है कि हाल ही में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा को फिर मिली विपक्ष की कमान
कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को एक बार फिर हरियाणा कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया है। वे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर काम करेंगे। हुड्डा के पास संगठनात्मक अनुभव और मजबूत जनाधार है, जिसे पार्टी अगले चुनावों में भुनाना चाहती है।
CWC बैठक में हुआ था फैसला
24 सितंबर को बिहार में आयोजित कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में राव नरेंद्र सिंह और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को एक साथ बुलाया गया था। यहीं दोनों नेताओं के नामों पर मुहर लगाई गई थी, जिसकी औपचारिक घोषणा अब की गई है।
18 साल बाद गैर-दलित को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी
कांग्रेस ने लगभग 18 साल बाद एक गैर-दलित नेता को हरियाणा कांग्रेस की कमान सौंपी है। 2007 में फूलचंद मुलाना के बाद से अब तक सभी प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति समुदाय से रहे हैं — अशोक तंवर, कुमारी शैलजा और उदयभान जैसे नेता शामिल हैं। राव नरेंद्र सिंह की नियुक्ति के साथ कांग्रेस ने जातीय संतुलन साधने की कोशिश की है।
कौन हैं राव नरेंद्र सिंह?
-
तीन बार विधायक रह चुके हैं
-
1996 और 2000 में अटेली से, 2009 में नारनौल से जीते
-
2009-2014 तक हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे
-
पिता राव बंसी सिंह भी तीन बार विधायक और पंचायत मंत्री रहे हैं






