Delhi Red Fort Car Blast Updates: दिल्ली ब्लास्ट पर बड़ा खुलासा, फरीदाबाद पुलिस ने बरामद की लाल कार, पूर्व सरपंच गिरफ्तार

Delhi Red Fort Car Blast Updates: लाल किला कार ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। हरियाणा की फरीदाबाद पुलिस ने वह लाल फोर्ड इकोस्पोर्ट कार (DL 10 CK 0458) बरामद कर ली है, जिसका संबंध दिल्ली ब्लास्ट के मुख्य संदिग्ध डॉ. उमर उन नबी से बताया जा रहा है। यह कार फरीदाबाद के खंदावली गांव के पास खड़ी मिली।
फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि, “दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने लाल फोर्ड इकोस्पोर्ट कार को खंदावली गांव से बरामद किया है। आगे की जांच जारी है।”
दिल्ली ब्लास्ट केस में हरियाणा से जुड़ रहे तार
दिल्ली पुलिस को ब्लास्ट केस में एक लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार की तलाश थी। रजिस्ट्रेशन नंबर DL 10 CK 0458 वाली यह कार मुख्य संदिग्ध उमर उन नबी के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस ने हरियाणा पुलिस को इस संबंध में अलर्ट किया था। उसी सूचना के बाद फरीदाबाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए यह कार बरामद की।
पूर्व सरपंच गिरफ्तार, एनएसजी और एफएसएल टीम मौके पर
कार बरामद होने के बाद दिल्ली एफएसएल टीम, एनएसजी (National Security Guard) और बम स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और गाड़ी की गहन जांच शुरू की। कार जिस स्थान पर मिली, वह एक पूर्व सरपंच की संपत्ति बताई जा रही है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है। सुरक्षा कारणों से मीडिया को उस स्थान से दूर रखा गया है, जबकि आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।
उमर उन नबी की गतिविधियों पर कड़ी नजर
न्यूज़ एजेंसी एनएनआई के अनुसार, ब्लास्ट से पहले उमर नबी को रामलीला मैदान के पास आसफ अली रोड की एक मस्जिद में देखा गया था। इसके बाद वह सुनहरी मस्जिद की पार्किंग में पहुंचा और वहां 3:19 बजे अपनी कार पार्क की। एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन हिस्ट्री की जांच कर रही हैं।
एनआईए भी जांच में उतरेगी, मेडिकल कॉलेज पर शक
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) अब इस मामले की गहराई से जांच के लिए फरीदाबाद के धौज स्थित अल-फलाह मेडिकल कॉलेज का दौरा कर सकती है।
यह कॉलेज संदिग्ध उमर नवी भट से जुड़ा बताया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने उसकी मां और भाई के डीएनए सैंपल एकत्र किए हैं, जिन्हें एम्स फोरेंसिक लैब भेजा गया है। इनका मिलान लोकनायक अस्पताल में रखे शव अवशेषों से किया जाएगा।
दिल्ली में जारी है हाई अलर्ट
दिल्ली पुलिस ने राजधानी के सभी थानों, पुलिस चौकियों और सीमा नाकों को अलर्ट पर रखा है।
दिल्ली के गौतमपुरी इलाके में पुलिस उमर नबी से जुड़े एक पते की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस ने एक व्यक्ति के बारे में पूछताछ की, जिसने खुद को उमर नबी बताया था, परंतु इलाके में उसे पहले कभी नहीं देखा गया था।






