चंडीगढ़ में पुतला फूंक प्रदर्शन जारी: “समान काम के लिए समान वेतन” की मांग तेज़, दिवाली से पहले बोनस की भी उठी आवाज़

चंडीगढ़, 20 सितम्बर 2025 — चंडीगढ़ नगर निगम के सीवर विंग कर्मचारियों द्वारा “समान काम के लिए समान वेतन” और दिवाली से पहले बोनस दिए जाने की मांग को लेकर पुतला फूंक प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन वॉटर वर्क्स सेक्टर-32 के बाहर कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ गवर्नमेंट एंड एमसी एम्प्लाइज एंड वर्कर्स यूटी चंडीगढ़ के बैनर तले आयोजित किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि अगर मांगें पूरी नहीं की गईं तो 25 सितम्बर को अगला पुतला फूंका जाएगा, और यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

प्रमुख मांगें:
-
आउटसोर्स कर्मचारियों को समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए
-
दिवाली से पहले बोनस जारी किया जाए
-
आउटसोर्स वर्करों के लिए सिक्योर पॉलिसी बनाई जाए
-
पेंडिंग सैलरी तुरंत रिलीज की जाए
-
सभी विभागों में खाली पदों को भरा जाए
-
टर्मिनेट किए गए ट्यूबवेल ऑपरेटर, फायर फाइटर और ड्राइवरों की बहाली की जाए
-
आउटसोर्स वर्करों को 65 वर्ष की उम्र तक सेवा का अधिकार मिले
-
पेमेंट ऑफ बोनस एक्ट को लागू किया जाए
-
31.12.96 के बाद भर्ती डेलीवेज वर्करों को 13.03.2015 की पॉलिसी के तहत पूर्ण लाभ मिले
कर्मचारियों में बढ़ता रोष:
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कमेटी के नेताओं सतिंदर सिंह (प्रधान), सुरेश कुमार (चेयरमैन), राकेश कुमार (महासचिव), राजिंदर कुमार (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट), और तालिब हुसैन (वाइस चेयरमैन) ने स्पष्ट किया कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे कर्मचारियों में नाराज़गी और असंतोष बढ़ता जा रहा है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि जो कर्मचारी अपनी बकाया सैलरी मांगते हैं, उन्हें जेल भेजने और अमानवीय व्यवहार का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इसे न केवल गलत बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
चेतावनी: आंदोलन और तेज होगा
कमेटी ने एलान किया है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही सकारात्मक फैसला नहीं लिया, तो यह आंदोलन और तेज़ होगा और सड़कों पर बड़ा प्रदर्शन देखने को मिल सकता है।






