आज की ख़बरहरियाणा

कुरुक्षेत्र: पंथक दल (झींडा ग्रुप) की राज्य स्तरीय बैठक में चुनावी रणनीति तय, असंध से चुनाव लड़ेंगे जगदीश सिंह झींडा

कुरुक्षेत्र स्थित डेरा कार सेवा में पंथक दल (झींडा ग्रुप) की राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रधान और पंथक दल (झींडा ग्रुप) हरियाणा के प्रमुख, जगदीश सिंह झींडा, ने महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

 

असंध से चुनाव लड़ेंगे झींडा

जगदीश सिंह झींडा ने घोषणा की कि वे करनाल जिले की असंध विधानसभा सीट से हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के चुनाव में उतरेंगे। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर को पार्टी सभी 40 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। सभी सीटों पर चुनाव चिन्ह साइकिल के प्रतीक के साथ चुनाव लड़ा जाएगा।

 

ईवीएम पर जताई आपत्ति

झींडा ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह चुनाव धार्मिक है, और इसमें ईवीएम का उपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने ईवीएम के साथ बैलेट पेपर का भी प्रावधान अनिवार्य करने की मांग की। पंथक दल ने इस संदर्भ में कुरुक्षेत्र के डीसी को ज्ञापन सौंपा। झींडा ने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा पर सवाल उठते हैं, और ईवीएम का उपयोग निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर संदेह पैदा करता है।

 

गुरुद्वारा प्रबंधन में भ्रष्टाचार का आरोप

झींडा ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में यह सरकारी कमेटी बन चुकी है। गुरुद्वारों की गोलक और अन्य संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है, लेकिन पैसों का कोई हिसाब नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने वादा किया कि चुनाव जीतने के बाद कमेटी को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कर धार्मिक और पारदर्शी सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।

 

समझौते के लिए तैयार पंथक दल

झींडा ने संकेत दिए कि चुनाव में आवश्यक हुआ तो पार्टी गठबंधन के लिए भी तैयार है। उनका मुख्य उद्देश्य हरियाणा के सिख समुदाय को मजबूत नेतृत्व देना और गुरुद्वारा प्रबंधन में सुधार करना है।

 

कानूनी लड़ाई के बाद चुनाव का अवसर

झींडा ने 22 वर्षों की कानूनी लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी का गठन एक ऐतिहासिक जीत थी। अब इसे सही दिशा में ले जाने का समय आ गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button