Haryana : हिसार से जयपुर के लिए भी शुरू हुई हवाई सेवा, हरियाणा को मिली नई उड़ान

Haryana : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा, हिसार से जयपुर के लिए हवाई सेवा का शुभारंभ किया। इससे पहले हिसार से अयोध्या, दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से इस नई उड़ान की शुरुआत को हरियाणा के विकास और क्षेत्रीय समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नई हवाई सेवा केवल यातायात का माध्यम नहीं, बल्कि हरियाणा के आत्मनिर्भर, प्रगतिशील और समावेशी भविष्य की नींव है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नागरिक उड्डयन को विकसित करना सरकार की प्राथमिकता रही है और इसी कड़ी में 14 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा, हिसार से अयोध्या तक हवाई उड़ान का शुभारंभ किया था। इसके साथ ही एयरपोर्ट के दूसरे टर्मिनल के भवन का भी शिलान्यास हुआ था। गत 9 जून 2025 को हिसार-चंडीगढ़-हिसार हवाई सेवा भी शुरू की गई थी।
आधुनिक तकनीक से लैस हिसार एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री ने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सहयोग से हिसार हवाई अड्डे को अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सज्जित किया गया है। डॉपलर वीओआर प्रणाली के माध्यम से न्यूनतम दृश्यता सीमा 5,000 मीटर से घटाकर 2,800 मीटर कर दी गई है, जिससे खराब मौसम में भी उड़ानें सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी। इसके अलावा, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) भी स्थापित किया जा रहा है, जिससे रात के समय भी हवाई जहाज लैंडिंग कर सकेंगे।
भविष्य की बड़ी योजनाएं
नायब सिंह सैनी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा, हिसार को पूर्णत: आधुनिक और अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए नए टर्मिनल भवन, एटीसी टावर, कार्गो कॉम्प्लेक्स, अग्निशमन केंद्र, प्रशासनिक भवन, पार्किंग जैसी कई सुविधाओं का विकास किया जाएगा। भविष्य में हिसार को दिल्ली एयरपोर्ट का विकल्प भी बनाया जाएगा, जिससे आम आदमी, छोटे व्यापारी और अन्य हितधारकों को व्यापक लाभ होगा।
अभिनेत्री और मॉडल Poonam Pandey ने शिव ठाकरे के जन्मदिन समारोह में बिखेरा ग्लैमर
हिसार को औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने का सपना साकार
मुख्यमंत्री ने बताया कि केवल हवाई सेवा ही नहीं, बल्कि हिसार को औद्योगिक, लॉजिस्टिक और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का भी बड़ा सपना अब साकार हो रहा है। 28 अगस्त 2024 को हिसार को अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हिस्सा बनाया गया है। 20 अगस्त 2025 को इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, हिसार के लिए स्टेट स्पोर्ट एग्रीमेंट और शेयरहोल्डर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए, जो लगभग 2,988 एकड़ क्षेत्र में 4,680 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगा। इस परियोजना से करीब 1,25,000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे और यह पूर्वी एवं पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जुड़कर हरियाणा को उद्योगों का प्रवेश द्वार बनाएगा।






