हरियाणा सरकार का राइस मिलर्स के लिए बड़ा तोहफा! चावल डिलीवरी और बोनस की तारीख बढ़ी, 1000 मिलों को होगा सीधा फायदा

चंडीगढ़, 20 सितंबर 2025 – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राइस मिलर्स और किसानों के हित में बड़ी घोषणाएं की हैं। राज्य सरकार ने चावल की डिलीवरी अवधि और बोनस राशि की अवधि को 15 मार्च 2025 से बढ़ाकर 30 जून 2025 कर दिया है। इस निर्णय से लगभग 1000 राइस मिलों को सीधे लाभ मिलेगा। साथ ही, होल्डिंग चार्जेज के तौर पर 50 करोड़ रुपये की छूट भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम (FCI) द्वारा चावल की डिलीवरी लगभग 45 दिन देर से शुरू हुई, जिससे मिलर्स अपना कार्य समय पर पूरा नहीं कर पाए। हरियाणा राइस मिलर्स एसोसिएशन की मांग पर सरकार ने बोनस राशि और डिलीवरी की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।
इस फैसले के तहत, राइस मिलर्स को बोनस के अलावा होल्डिंग चार्जेज में भी छूट मिलेगी, जिससे लगभग 50 करोड़ रुपये की राहत मिल सकेगी।
किसानों के लिए भी बड़ी घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में खरीफ फसलों की सरकारी खरीद अब 1 अक्टूबर की बजाय 22 सितंबर 2025 से शुरू होगी। इससे किसानों को फसल बेचने और भुगतान मिलने में आसानी होगी।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने किसानों को एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) को लेकर भ्रमित किया कि भाजपा सरकार इसे खत्म कर रही है, जबकि हमारी सरकार ने लगातार एमएसपी बढ़ाया है।






