J&K में बड़ा हादसा: वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं की बस खाई में गिरी, 1 की मौत, 40 से अधिक घायल

J&K में बड़ा हादसा: जम्मू-पठानकोट नेशनल हाइवे पर आज सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कठुआ से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस सांबा जिले के जटवाल इलाके के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए।
हादसे की वजह क्या रही?
जानकारी के मुताबिक, बस का टायर अचानक फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार में अनियंत्रित हुई बस सीधे पुल से नीचे सूखी नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
राहत-बचाव कार्य जारी
पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर घायलों को जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सीएम उमर अब्दुल्ला का बयान
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रशासन को घायलों को हरसंभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए।






