डोडा में दो बार फटा बादल, अचानक आई बाढ़ से सडक़ें बंद, कई गांवों का संपर्क कटा

जम्मू-कश्मीर के डोडा में दो बार बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने बड़ी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। भलेसा इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां कई गांवों को जोडऩे वाली सडक़ें टूट गई हैं। इसी बीच किश्तवाड़ में चल रही मचैल माता यात्रा और मिंधल माता यात्रा को भी बारिश के खतरे को देखते हुए रोक दिया गया है। जानकारी के मुताबिक बुधवार को डोडा जिले में दो बार बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया है। भलेसा इलाका इस आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां कई इलाके ऐसे हैं, जो अंदरूनी गांवों से जुड़े हुए थे, लेकिन बाढ़ के बाद इन गांवों को जोडऩे वाली कई सडक़ें पूरी तरह टूट गई हैं। इससे इन गांवों का बाकी इलाकों से संपर्क कट गया है और लोग वहां फंस गए हैं।
बाढ़ का पानी अपने साथ भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा भी लेकर आया, जिसने सडक़ों को और ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। इस वजह से आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई है। बादल फटने से फसलों, बागों और संपत्तियों को नुकसान हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत काम शुरू कर दिया है। सडक़ों से मलबा हटाने का काम जारी है, ताकि जल्द से जल्द रास्ते खोले जा सकें। इसके साथ ही प्रशासन ने इलाके में हुए नुकसान का आकलन भी शुरू कर दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितनी संपत्ति और कितने घर प्रभावित हुए हैं।






