कांग्रेस में ‘डील पॉलिटिक्स’? नील गर्ग का बड़ा हमला—CM की कुर्सी और टिकटों की खरीद-फरोख्त पर देना होगा जवाब

Punjab : पंजाब की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता नील गर्ग ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री पद और विधानसभा टिकटों को लेकर “पैसों की डीलिंग” जैसे चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं, जिन पर कांग्रेस नेताओं को तत्काल जवाब देना चाहिए।
गर्ग ने कहा कि नवजोत कौर सिद्धू द्वारा लगाए गए आरोप—
-
मुख्यमंत्री पद के लिए 500 करोड़ रुपए की डील
-
विधायक टिकटों के लिए 5–5 करोड़ रुपए की कथित वसूली
पंजाब की राजनीति पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने पूछा कि सबसे बड़ा सवाल अभी भी अधर में है—
“पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अब तक चुप क्यों हैं?”
गर्ग ने कहा कि जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी सार्वजनिक रूप से यह दावा कर चुके हैं कि चन्नी ने CM पद के लिए 350 करोड़ रुपए दिए थे, तो यह मामला और भी गंभीर हो जाता है। यदि आरोप सच हैं, तो यह पंजाब की जनता के साथ “सीधा राजनीतिक धोखा” है, और यदि गलत हैं, तो चन्नी को सामने आकर सफाई देनी चाहिए।
इसी के साथ, गर्ग ने नवजोत कौर सिद्धू द्वारा नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा पर लगाए आरोपों का भी ज़िक्र किया और कहा कि “बाजवा जैसे बड़े नेता की चुप्पी कई सवाल खड़ी करती है। इतने भारी आरोपों पर भी कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं?”
गर्ग ने कहा कि पंजाब को “सियासी सौदेबाज़ी” नहीं, बल्कि पारदर्शिता चाहिए। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस नेतृत्व को तुरंत इन गंभीर आरोपों पर अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए, ताकि जनता जान सके कि सच्चाई क्या है।






