पंजाब सरकार की कैबिनेट मीटिंग शुरू: बड़े फैसलों की तैयारी, दोपहर करीब 1 बजे होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

चंडीगढ़, 28 नवंबर 2025: पंजाब सरकार की अहम कैबिनेट मीटिंग आज मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी आवास पर शुरू हो गई है। मंत्रियों की मौजूदगी में यह बैठक कई बड़े फैसलों का रास्ता साफ कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ग्रामीण विकास विभाग, हाउसिंग विभाग और सेहत विभाग से जुड़ी बड़ी भर्तियों व नीतिगत बदलावों पर मुहर लगा सकती है।
मीटिंग के बाद दोपहर करीब 1 बजे पंजाब भवन में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें वे कैबिनेट के फैसलों की आधिकारिक जानकारी साझा करेंगे।
पंचायत चुनाव से पहले मीटिंग को माना जा रहा है बेहद रणनीतिक
सरकार की यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि दोपहर 3 बजे जिला परिषद और पंजाब समिति चुनावों का ऐलान किया जाना है। ऐसे में यह संकेत मिल रहे हैं कि पंचायतों से जुड़े मामलों पर भी विस्तृत चर्चा हो सकती है।
सूत्र बताते हैं कि राज्य सरकार ने हाल ही में सभी क्षेत्रों में नई कमेटियों का गठन किया है। ये कमेटियां अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े प्रस्ताव सरकार तक पहुंचाती हैं, जिन्हें कैबिनेट द्वारा अंतिम मंजूरी दी जाती है। आज की बैठक में इन्हीं प्रस्तावों पर कई अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।
क्या हो सकते हैं बड़े फैसले?
-
ग्रामीण विकास विभाग में नई भर्ती प्रक्रियाएं
-
हाउसिंग और टाउन प्लानिंग से जुड़े सुधार
-
स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ बढ़ाने के निर्णय
-
पंचायत चुनावों से पहले महत्वपूर्ण नीतिगत बदलाव
पंजाब की राजनीति और प्रशासनिक ढांचे के लिए आज का दिन बेहद अहम होने वाला है। सभी की निगाहें दोपहर होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं।






