हरियाणा में पेंशन धारकों और शहीद परिवारों के लिए खुशखबरी: सरकार ने दी बड़ी सौगात
चंडीगढ़: हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जो राज्य के नागरिकों के लिए राहत और प्रगति की दिशा में उठाए गए कदम हैं। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं और नीतियों का ऐलान किया, जिनमें पेंशन बढ़ोतरी, शहीद परिवारों को विशेष लाभ, और किसानों के लिए मुआवजा शामिल है।
पेंशन धारकों की हुई मौज
हरियाणा सरकार ने हिंदी आंदोलन-1957 के मातृभाषा सत्याग्रहियों की पेंशन को 15,000 रुपये मासिक से बढ़ाकर 20,000 रुपये मासिक करने का फैसला किया है। यह कदम उन सत्याग्रहियों को सम्मानित करने और उनके योगदान को मान्यता देने की दिशा में लिया गया है।
शहीद परिवारों के लिए बड़ी राहत
राज्य सरकार ने सेना और सीआरपीएफ के शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया है। इसके अलावा, शहीद सब-इंस्पेक्टर जय भगवान की पत्नी को 200 वर्ग गज का भूखंड आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
किसानों को मिलेगा मुआवजा
हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से हिसार, फतेहाबाद, रेवाड़ी, कैथल और महेंद्रगढ़ जिलों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों का फसल बीमा है, उन्हें बीमा कंपनियों से क्लेम दिलाया जाएगा। वहीं, जिन किसानों का बीमा नहीं है, उन्हें सरकार की ओर से मुआवजा दिया जाएगा।
प्रगति के लिए नई नीतियां
कैबिनेट बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए:
1. बाह्य विकास शुल्क (ईडीसी) में संशोधन: हर साल 10% की वृद्धि को मंजूरी।
2. लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग नीति 2019 का विस्तार: निवेश को बढ़ावा देने और व्यवसाय की लागत कम करने के लिए प्रोत्साहन।
3. आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य: ग्रुप ए और बी की भर्ती के लिए एचपीएससी पोर्टल पर आधार प्रमाणीकरण आवश्यक होगा।
4. पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण अधिनियम में संशोधन: विकास योजनाओं में पारदर्शिता और सटीकता लाने के उद्देश्य से।
5. मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (HRMS) नीति 2024: कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शामिल करने का प्रावधान।
संपत्ति और शहरी विकास
गुरुग्राम के पटौदी, हेली मंडी, और फर्रुखनगर क्षेत्र को “मीडियम पोटेंशल जोन” में परिवर्तित किया गया है। यह कदम शहरीकरण और विकास को गति देने के लिए उठाया गया है।






