National Herald Case : सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर नई FIR, आपराधिक साजिश का आरोप

National Herald Case : नेशनल हेराल्ड केस में एक बार फिर बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक साजिश के आरोप में नई FIR दर्ज की है। इस FIR में उनके साथ कुल छह अन्य लोग और तीन कंपनियां आरोपी बनाई गई हैं।
FIR में क्या आरोप हैं?
FIR के अनुसार, कांग्रेस से जुड़ी कंपनी एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) को कथित रूप से धोखाधड़ी से अपने कब्जे में लेने की क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी की गई। FIR 3 अक्टूबर को ईडी की शिकायत पर दर्ज हुई थी।
ED ने अपनी जांच रिपोर्ट दिल्ली पुलिस के साथ साझा की थी। PMLA की धारा 66(2) के तहत ED किसी भी एजेंसी से अनुसूचित अपराध दर्ज करने का निर्देश दे सकती है।
FIR में आरोपी कौन हैं?
FIR में आरोपी सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा (इंडियन ओवरसीज कांग्रेस प्रमुख) और तीन अन्य लोग हैं। साथ ही तीन कंपनियों में AJL, Young Indian, Dotex Merchandise Pvt Ltd का नाम शामिल है।
आरोपों का पूरा विवरण
डोटेक्स, जिसे कोलकाता की कथित शेल कंपनी बताया जा रहा है, ने यंग इंडियन को ₹1 करोड़ दिए। FIR में आरोप है कि इस लेन-देन की मदद से यंग इंडियन ने कांग्रेस को ₹50 लाख देकर AJL पर नियंत्रण हासिल कर लिया, जबकि AJL की संपत्तियों का बाजार मूल्य लगभग ₹2,000 करोड़ था।
यह मामला कथित रूप से सार्वजनिक संपत्ति का निजी लाभ के लिए उपयोग करने की आपराधिक साजिश से जुड़ा है और राजनीतिक और कानूनी दोनों मोर्चों पर सुर्खियों में बना हुआ है।






