Health & Fitness

बिहार का मशहूर चने की दाल का पराठा, मिलेगा एकदम पारंपरिक स्वाद

भारतीय घरों में कई तरह के पराठे बनाए जाते हैं, लेकिन जो स्वाद चने की दाल के पराठे में है, वह वाकई बेमिसाल है। उत्तर भारत में, खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार में, इसे बड़े चाव से बनाया जाता है। यह न केवल खाने में स्वादिष्ट और पेट भरने वाला होता है, बल्कि प्रोटीन से भरपूर होने के कारण स्वास्थ्य के लिए भी काफी अच्छा है।

अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि उनके दाल के पराठे फट जाते हैं या दाल सूखी रह जाती है। आज हम आपको एक ऐसी आसान रेसिपी बताएंगे जिससे आपके पराठे खूब फूलेंगे भी और हर कोने में दाल भी भरी होगी।

सामग्री
दाल की स्टफिंग के लिए-
चने की दाल- 1 कप (4-5 घंटे भीगी हुई)
जीरा- 1 छोटा चम्मच
हींग- एक चुटकी
लहसुन और अदरक- बारीक कटा हुआ या पेस्ट
हरी मिर्च- 2-3 बारीक कटी हुई
मसाले- हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक स्वादानुसार
हरा धनिया- बारीक कटा हुआ

आटे के लिए-
गेहूं का आटा- 2 कप
नमक- आधा चम्मच
तेल/घी- मोयन के लिए और पराठे सेंकने के लिए

बनाने की विधि
सबसे पहले भीगी हुई चने की दाल को कुकर में थोड़े से पानी, नमक और हल्दी के साथ 2-3 सीटी आने तक पका लें। ध्यान रहे कि दाल गल जाए लेकिन एकदम हलवा न बने। अब दाल का पानी छान लें।
इसके बाद एक कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करें, उसमें जीरा, हींग, अदरक-लहसुन और हरी मिर्च का तड़का लगाएं। इसमें उबली हुई दाल डालकर 2-4 मिनट भूनें ताकि नमी खत्म हो जाए। लास्ट में हरा धनिया मिलाएं और ठंडा होने पर दाल को दरदरा पीस लें।
किसी भी भरवां पराठे की सफलता उसके आटे पर निर्भर करती है। आटे में नमक और एक चम्मच तेल मिलाकर गुनगुने पानी से नरम आटा गूंथें। अगर आटा सख्त होगा, तो बेलते समय पराठा फट जाएगा। आटे को 15 मिनट सेट होने के लिए रख दें।
आटे की एक मध्यम लोई लें और उसे कटोरी का आकार दें। इसके बीच में 2 चम्मच तैयार दाल का मिश्रण रखें। किनारों को ऊपर लाते हुए अच्छी तरह बंद करें और एक्स्ट्रा आटा हटा दें।
लोई को सूखे आटे में लपेटें और हल्के हाथों से बेलें। तवा गरम करें और पराठे को दोनों तरफ से मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक सेकें। घी या तेल लगाकर पराठे को तब तक दबाकर सेकें जब तक वह कुरकुरा न हो जाए।

स्पेशल टिप्स-
दाल को पीसते समय मिक्सी को रुक-रुक कर चलाएं ताकि वह एकदम पेस्ट न बने, बल्कि थोड़ी दानेदार रहे। दानेदार दाल का स्वाद पराठे में ज्यादा उभर कर आता है।
आप चने की दाल के इन गरमा-गरम पराठों को ठंडी दही, आम के अचार या तीखी हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं। कुछ लोग इसे खीर के साथ भी खाना पसंद करते हैं, जो एक बेहतरीन मीठा और नमकीन कॉम्बो बनाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button