Trending Newsचंडीगढ़हरियाणा

हरियाणा में 26-27 जुलाई को CET परीक्षा को लेकर CM सैनी ने दिए सख्त निर्देश, इंटरनेट बंदी से लेकर फ्री यात्रा

हरियाणा सरकार ने 26 और 27 जुलाई को आयोजित होने वाली कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की पहचान कर समय रहते गृह विभाग को सूचित किया जाए ताकि जरूरत पड़ने पर इंटरनेट सेवा निलंबित की जा सके।

सीएम सैनी ने वीडियोग्राफी से लेकर सोशल मीडिया निगरानी तक की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उनका कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कोई असामाजिक तत्व सक्रिय न रहे।

तीज पर्व और परीक्षार्थियों को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था

CET परीक्षा के साथ तीज पर्व भी पड़ने के कारण परिवहन विभाग को पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

  • महिला परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों को फ्री यात्रा सुविधा दी जाएगी।

  • 100 किमी से अधिक दूरी तय करने वाली बसों के लिए विशेष इंतजाम होंगे।

  • आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए डायल-112 सेवा को भी परीक्षा में शामिल किया गया है।

सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम

गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की जाएगी।

  • कोचिंग सेंटर और फोटोस्टेट दुकानें बंद रहेंगी।

  • बिना पहचान पत्र के कोई भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

  • महिला परीक्षार्थियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

ड्यूटी स्टाफ पर भी निगरानी

पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने आदेश दिए हैं कि

  • कोई भी ड्यूटी स्टाफ मोबाइल या डिजिटल डिवाइस परीक्षा केंद्र में नहीं ले जा सकेगा।

  • 500 मीटर के दायरे में भीड़ इकट्ठा नहीं होने दी जाएगी।

13.48 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा, 1338 केंद्र तैयार

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बताया कि इस बार CET परीक्षा में 13 लाख 48 हजार से अधिक परीक्षार्थी भाग लेंगे। इसके लिए 1338 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए और परीक्षा के दोनों दिनों में कोई अवकाश स्वीकृत न करने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button