हरियाणा सरकार ने 2022 पैरा एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को जारी किए 31.72 करोड़ रुपये के कैश अवॉर्ड
चंडीगढ़, 18 जुलाई 2025: हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने 2022 पैरा एशियन गेम्स में पदक विजेता प्रदेश के 17 खिलाड़ियों को कुल 31.72 करोड़ रुपये के कैश अवॉर्ड जारी कर सम्मानित किया। यह कदम न केवल खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए अहम है, बल्कि प्रदेश के युवा प्रतिभाओं को भी प्रेरित करने वाला साबित होगा।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं और आर्थिक सहायता के साथ-साथ उनकी सेहत और बेहतर इलाज पर भी विशेष ध्यान दे रही है। स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपये, रजत विजेताओं को 1.5 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 75 लाख रुपये का इनाम दिया गया है।
गौतम ने कहा, “पैरा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से देश-प्रदेश का नाम गर्व से रोशन किया है। ये खिलाड़ी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं जो हमें दिखाते हैं कि हार मानना विकल्प नहीं। प्रदेश सरकार लगातार खेल नीतियों में सुधार कर खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवा रही है।”
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में 1500 खेल नर्सरियां स्थापित की गई हैं, जहां युवा खिलाड़ी प्रशिक्षण लेकर लगातार पदक जीत रहे हैं। साथ ही खेलों के दौरान चोटिल खिलाड़ियों का इलाज भी पूरी जिम्मेदारी से किया जा रहा है।
खेल महाकुंभ की तिथि में होगा बदलाव, अगस्त में होंगे मुकाबले
खेल मंत्री ने यह भी घोषणा की कि हरियाणा खेल महाकुंभ का आयोजन 28 से 30 जुलाई 2025 के स्थान पर अगस्त 2025 में कराया जाएगा, ताकि परीक्षा और प्रतियोगिता के समय में कोई टकराव न हो और खिलाड़ियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। खेल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द ही नई तिथि तय कर इसकी जानकारी दी जाए।






